प्यारी चौधरी : भारत-पाक बॉर्डर के गांव की बेटी भारतीय सेना में बनीं लेफ्टिनेंट, पूरा परिवार फौजियों वाला
बाड़मेर। भारत-पाकिस्तान की सीमा पर स्थित बाड़मेर की बेटी ने कामयाबी की ऊंची उड़ान भरी है। नाम है प्यारी चौधरी। बाड़मेर के छोटे से गांव राऊजी की ढाणी काउखेड़ा की बेटी प्यारी चौधरी अफसर बनी है। अपने परिवार से इंडियन आर्मी ज्वाइन करने वाली प्यारी छठी सदस्य हैं।

प्यारी चौधरी बाड़मेर राजस्थान
वन इंडिया हिंदी से खास बातचीत में प्यारी चौधरी के पिता किस्तूरा राम चौधरी व माता कमला देवी ने बयां कि बेटी की कामयाबी की पूरी कहानी और इनका दावा है कि भारतीय सेना की मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट पद पर चुनी जाने वाली प्यारी चौधरी बाड़मेर जिले की पहली बेटी है।

बेटी ने अफसर बनकर दिया दिवाली का तोहफा
किस्तूरा राम चौधरी ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है। प्यारी के एक छोटा भाई गौरख भी है। माता-पिता ने दोनों में कभी कोई फर्क नहीं समझा। दोनों को अच्छी तालीम दिलाई। नतीजा यह रहा कि दस नवंबर 2020 को प्यारी चौधरी को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर कमीशन मिला है। पूरे चौधरी परिवार के प्यारी की नियुक्ति दिवाली का सबसे यादगार तोहफा है।

प्यारी के परिवार में 6 फौजी
बता दें कि राऊजी की ढाणी काउखेड़ा के भानाराम व अणची देवी का यह परिवार फौजियों वाला है। इनके तीन बेटे हैं। तीनों ही फौजी हैं। साथ ही प्यारी समेत तीनों की एक-एक संतान भी फौजी बन गई। ऐसे में इनके परिवार में कुल छह फौजी हैं। बाड़मेर में इनके परिवार को फौजियों वाला परिवार कहते हैं।

परिवार के ये सदस्य हैं फौजी
1. जोधाराम, कैप्टन (ताऊ)
2. कलाराम, हलवदार (ताऊ)
3. हीराराम पुत्र जोधाराम, नायक
4. जसवंत सिंह पुत्र कलाराम, नायक
5. किस्तुरा राम, सुबेदार (पिता)
6. प्यारी देवी पुत्री किस्तुरा राम (लेफ्टिनेंट)

सैनिक स्कूल व केवी में हुई प्यारी की पढ़ाई
किस्तुरा राम के अनुसार बेटी प्यारी का जन्म 31 दिसम्बर 1997 को बाड़मेर में हुआ, मगर पिता की भारतीय सेना में विभिन्न जगहों पर पोस्टिंग होने के कारण प्यारी की पढ़ाई सैनिक स्कूल व केन्द्रीय विद्यालयों से हुई है। प्यारी ने पटियाला के सैनिक स्कूल से शुरुआती पढ़ाई पूरी की। अमृतसर, लालगढ़ व श्रीगंगानगर आदि केंद्रीय विद्यालयों से उच्च शिक्षा प्राप्त की।

मुम्बई से की बीएससी नर्सिंग
किस्तूरा राम चौधरी ने बताया कि प्यारी चौधरी ने मुम्बई से बीएससी नर्सिंग का कोर्स भी किया है। फिलहाल वे मुम्बई ही हैं। दस नवंबर को उनको भारतीय सेना में कमिशन प्राप्त होने की खबर मिलते ही पूरे बाड़मेर में दिवाली की खुशियां दोगुनी हो गई। जल्द ही प्यारी को पोस्टिंग भी मिलने वाली है।
केंद्रीय मंत्री व बाड़मेर सांसद ने भी दी बधाई
बाड़मेर की बेटी प्यारी चौधरी की कामयाबी पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री व बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि 'संसदीय क्षेत्र बाड़मेर के गांव काहू खेडा (कवास) निवासी प्यारी चौधरी पुत्री श्री किस्तुराराम जी लेघा का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर होने की बहुत-बहुत बधाई। हमें हमारी होनहार बेटी पर बहुत गर्व है कि उसने सेना में जाने का वीरतापूर्ण निर्णय लिया और उसके लिए कड़ी मेहनत करके सफलता हासिल की।'












Click it and Unblock the Notifications