PM Modi Rajasthan Visit: प्रधानमंत्री का अजमेर दौरा, राजस्थान को 16686 करोड़ रुपये की देंगे सौगात
PM Modi Rajasthan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 28 फरवरी को राजस्थान के दौरे पर पहुंच रहे हैं। पीएम अजमेर से 14 साल की बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी 'ह्यूमन पैपिलोमावायरस' (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के जरिए महिलाओं को होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए देशव्यापी टीकाकरण अभियान की शुरुआत होगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। करीब 16,686 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हैं। पीएम की रैली में भारी संख्या में समर्थकों के जुटने का अनुमान है।

PM Modi Rajasthan Visit: सर्वाइकल कैंसर के टीके की देंगे सौगात
- अभियान के तहत 'गार्डासिल-4' नामक क्वाड्रिवेलेंट एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक दी जाएगी। यह टीका एचपीवी टाइप 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करता है, जो गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के प्रमुख कारण माने जाते हैं।
- साथ ही, यह टाइप 6 और 11 से भी बचाव करता है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सर्वाइकल कैंसर एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती है, जिसे टीकाकरण के माध्यम से रोका जा सकता है।
- यह टीका देशभर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में उपलब्ध कराया जाएगा।
Rajasthan को मिलेगी 16686 करोड़ की सौगात
पीएम का यह दौरा काफी खास रहने वाला है, क्योंकि यहां से प्रधानमंत्री करीब 17 हजार करोड़ की योजनाओं का ऐलान करेंगे। 16686 करोड़ की सरकारी योजनाओं में ट्रांसपोर्ट, हाईवे और मेट्रो प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। इसके अलावा, कृषि, रोजगार और युवाओं के लिए भी कई योजनाओं का ऐलान पीएम कर सकते हैं। रिफाइनरी प्रोजेक्ट को लेकर भी किसी बड़े ऐलान की उम्मीद की जा रही है।
PM Modi के दौरे से पहले सीएम पहुंचे अजमेर
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने अजमेर पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की समीक्षा की। उनके साथ वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने यातायात परामर्श जारी किया है। सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक किशनगढ़-गेगल-कायड़-अजमेर और किशनगढ़-गेगल-कायड़-ब्यावर मार्ग पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है। भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications