बांसवाड़ा: पीएम मोदी 20 सितंबर को कर सकते हैं 50 हजार करोड़ के न्यूक्लियर पावर प्लांट का शिलान्यास
PM Modi Banswara visit: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में ऊर्जा क्षेत्र का बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 सितंबर को यहां आगमन की संभावना जताई जा रही है। इस दौरान वे करीब 50 हजार करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित 2800 मेगावाट क्षमता के न्यूक्लियर पावर प्लांट का शिलान्यास कर सकते हैं।
इस हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट को लेकर जिला प्रशासन और न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हालांकि पीएमओ से अभी तक औपचारिक मंजूरी या अधिकृत कार्यक्रम राज्य सरकार व जिला प्रशासन को प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बावजूद सुरक्षा से लेकर प्रोटोकॉल तक की व्यवस्थाएं देखी जा रही हैं।

राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने जयपुर में मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री का संभावित दौरा बेहद महत्वपूर्ण है और इसे लेकर राजनीतिक व प्रशासनिक स्तर पर समन्वय शुरू कर दिया गया है। उनका कहना था कि पीएम मोदी का यह दौरा राजस्थान के ऊर्जा क्षेत्र को नई पहचान देगा और दक्षिणी राजस्थान के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
2800 मेगावाट क्षमता वाला यह न्यूक्लियर पावर प्लांट राजस्थान का अब तक का सबसे बड़ा ऊर्जा प्रोजेक्ट माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसके शुरू होने से न सिर्फ राज्य बल्कि देशभर में बिजली आपूर्ति को मजबूती मिलेगी। साथ ही, हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी खुलेंगे।
यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होता है, तो बांसवाड़ा का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम माना जाएगा। विधानसभा चुनावी माहौल के बीच इतना बड़ा निवेश और पीएम की मौजूदगी सीधे तौर पर जनता को ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे बदलाव का संदेश देगी।












Click it and Unblock the Notifications