फेरों से पहले बोलेरो की डिमांड करने पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने फाड़े दूल्हे के कपड़े, चाचा को भी पीटा
दौसा जिले के गांव नांगल में शादी समारोह में सात फेरों से पहले विवाद हो गया। दुल्हन पक्ष ने दूल्हे पर बोलेरो की डिमांड करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ हाथा-पाई कर डाली।

राजस्थान के दौसा जिले में एक दूल्हे को शादी में एनवक्त पर कथित तौर पर दहेज की डिमांड करना भारी पड़ गया। मामला इतना बिगड़ गया कि दुल्हन पक्ष ने दूल्हे की पिटाई कर डाली। कपड़े भी फाड़ डाले। उसके चाचा तक को नहीं बख्शा।
एएसआई कैलाश चंद के अनुसार दौसा जिले के मंडावर पुलिस थाना इलाके के गांव नांगल निवासी लखन मीणा की बेटी निशा की शादी बेजुपाड़ा पुलिस थाना इलाके के गांव झूताहेड़ा निवासी विजेंद्र मीणा के साथ होनी थी। सोमवार शाम को सात बजे बारात लखन मीणा के घर पहुंची थी।
मीडिया से बातचीत में दुल्हन के पिता लखन मीणा ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने मंडप में नकद रुपयों और बोलेरो दहेज में देने की मांग की। बोला कि ये सब दिया जाएगा तब ही फेरों के लिए बैठूंगा।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दुल्हन के रिश्तेदारों और परिजनों ने दूल्हे विजेंद्र और उसके चाचा पप्पूलाल मीणा की पिटाई कर डाली। दूल्हे के कपड़े भी फाड़ डाले। मामला बढ़ता देख बाराती तो वाहनों में सवार होकर भाग गए।
दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा व उसके चाचा को बंधक बनाकर बैठा लिया। विजेंद्र के परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको छुड़वाया। हालांकि अभी तक दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करवाया।












Click it and Unblock the Notifications