नए साल पर बैंक में ही कर डाली शराब पार्टी, नशे में चूर मैनेजर व सुरक्षागार्ड गिरफ्तार
Bharatpur News , भरतपुर। वर्ष 2018 की विदाई और नए साल 2019 के आगमन को यादगार बनाने से कोई नहीं चूका। किसी ने परिवार संग घर पर ही जश्न मनाया तो किसी ने दोस्तों के साथ होटल, बार आदि में पार्टी की, मगर राजस्थान के भरतपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों ने बैंक में ही पार्टी कर डाली। वो भी शराब पार्टी। आधी रात को नशे में चूर सहायक बैंक मैनेजर व सुरक्षागार्ड को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मामले के अनुसार भरतपुर जिले के डीग कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा का रात करीब 11 बजे गश्त पर निकली पुलिस ने दरवाजा खुला देखा। किसी अनहोनी की आशंका के चलते पुलिसकर्मी बैंक के अंदर घुस गए तो पता चला कि बैंक में 31 दिसम्बर के मौके पर शराब पार्टी चल रही थी।
इस पर गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने थाने में इत्तला दी जिस पर डीग थाना प्रभारी सत्यप्रकाश बिश्नोई व डीग एसडीएम शेरसिंह लुहाड़िया बैंक पहुंचे। अधिकारियों के पहुंचने के बाद बैंक के सहायक मैनेजर रोहित मीणा व सुरक्षागार्ड नाहर सिंह को अस्पताल लेकर गए। वहां से उनकी मेडिकल जांच करवाई गई और इसके बाद दोनों को सरकारी बैंक में शराब पार्टी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। सुबह दोनों को पुलिस ने जमानत पर छोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications