Khinvsar : नारायण बेनीवाल बने MLA, हनुमान बेनीवाल परिवार ने लगाया जीत का चौका, देखें जुलूस का LIVE
नागौर। राजस्थान उप चुनाव 2019 में नागौर की खींवसर विधानसभा सीट पर बीजेपी और आरएलपी गठबंधन के उम्मीदवार नारायण बेनीवाल को जीत मिली है। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के भाई नारायण बेनीवाल ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी हरेन्द्र मिर्धा को 4 हजार 630 वोटों से हराया है।

खींवसर उप चुनाव 2019 में 21 अक्टूबर को मतदान और 24 अक्टूबर को मतों की गणना की गई। खींवसर सीट परिणाम घोषित होने के बाद नारायण बेनीवाल को उनके समर्थकों ने कांधे पर उठा लिया। खींवसर विधायक नारायण बेनीवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपनी जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि इस जीत से बीजेपी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का संगठन मजबूत हुआ हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सरकारी मशीनरी का जमकर दुरुपयोग हुआ। इसके बावजूद जनता के साथ और समर्थन से उनको जीत हासिल हुई है।
खींवसर सीट पर चुनाव जीतने वाले नारायण बेनीवाल नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के छोटे भाई हैं। इस सीट पर राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में हनुमान बेनीवाल जीते थे। लेकिन लोकसभा चुनाव 2019 में हनुमान बेनीवाल नागौर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर सांसद बन गए। उनके सांसद बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी। विधानसभा चुनाव-2018 से पहले भी हनुमान बेनीवाल इस सीट से दो बार और विधायक रह चुके हैं। बेनीवाल परिवार ने लगातार चौथी बार इस सीट पर कब्जा किया है। उधर, झुंझुनूं जिले में मंडावा विधानसभा उप चुनाव में कांग्रेस की रीटा चौधरी ने जीत दर्ज की है।












Click it and Unblock the Notifications