राजस्थान में दो दलित भाइयों को बंधक बनाकर पीटा, प्राइवेट पार्ट में डाला पेट्रोल, VIDEO वायरल होने के बाद पांच गिरफ्तार
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में चोरी का आरोप लगाकर दो दलित भाइयों पर कहर बरपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह अमानवीय घटना 16 फरवरी की बताई जा रही है, मगर बुधवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। बता दें कि दोनों भाइयों पर चोरी का आरोप लगाते हुए आधा दर्जन लोगों ने बुरी तरह से पीटा और कथित तौर पर प्राइवेट पार्ट में पेट्रोल डाल दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बुधवार को सात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पांच लोगों को किया गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, मामला नागौर जिले के पांचौड़ी थाना इलाके के एक गांव का है। नागौर एसपी डॉ. विकास पाठक ने बताया कि एक वीडियो सामने आया है। जिसमें दो भाइयों के साथ कथित तौर पर बर्बरता की गई है। पुलिस ने पीड़ितों से संपर्क कर सात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस ने हड़मान, रघुवीर, आईदान, छैल एवं रहमतुल्ला को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपी की पहचान करने के साथ गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
Recommended Video

चोरी का आरोप लगाकर पीटा
नागौर सोननगर भोजावास निवासी युवक ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह 16 फरवरी को बाइक की सर्विस करवाने के लिए चाचा के लड़के के साथ करनू गांव में एजेंसी पर गया था। वहां भींवसिंह आदि ने उस पर काउंटर से चोरी करने का आरोप लगाते हुए उसे एजेंसी के पीछे ले जा कर उससे रबड़ की फैन बैल्ट और लात-घूसों से बुरी तरह मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने पेचकस पर पेट्रोल से भरा कपड़ा लपेट उसके गुप्तांग में पेट्रोल डाला। किसी ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।

अस्पताल में इलाज के लिए कराया भर्ती
आरोपियों ने उसके चाचा के लड़के से भी मारपीट की। करीब डेढ़ घंटे तक पशुओं की भांति मारपीट करने के बाद आरोपियों ने उसके पड़ोसी अर्जुन सिंह, जेठू सिंह को फोन कर बताया कि दोनों को आकर ले जाओ। इसके बाद पीड़ित का बड़ा भाई एजेंसी पहुंचा और दोनों को घायलावस्था में लाकर तांतवास अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों भाइयों के पुलिस में शिकायत करने के बाद बुधवार को इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है।












Click it and Unblock the Notifications