वन्यजीव प्रेमियों ने घायल हिरण को इलाज के लिए छोड़ा, वनकर्मियों ने उसे ही पकाकर मना ली शराब पार्टी
नागौर। राजस्थान के नागौर के गोगेलाव कन्जर्वेशन रिजर्व के रेस्क्यू सेंटर में वन विभाग के कर्मचारियों पर हिरण का मांस खाने और शराब पार्टी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि स्थानीय वन्य जीव प्रेमियों ने एक घायल हिरण को रेस्क्यू सेंटर में भर्ती कराया था। इसके बाद शाम को जब स्थानीय लोग घायल हिरण का हालचाल जानने पहुंचे तो वहां वन विभाग के कर्मचारी शराब पार्टी कर रहे थे और एक बर्तन में मांस पका रहे थे। वन्यजीव प्रेमियों का आरोप है कि वो मांस उसी घायल हिरण का था। जिसे देखभाल के लिए रेस्क्यू सेंटर में छोड़ा गया था।
वन्यजीव प्रेमी अनोखा राम डूडी ने बताया कि नागौर के चावण्डिया इलाके में अज्ञात लोगों ने गोली मारकर एक हिरण को जख्मी कर दिया था। जम्भेश्वर पर्यावरण एवं जीव रक्षा के कार्यकर्ताओं ने घायल हिरण को गोगेलाव कन्जर्वेशन रिजर्व में वन विभाग को सौंप दिया। शाम को जब जीव रक्षा के कार्यकर्ता दोबारा घायल हिरण को देखने पहुंचे तो कन्जर्वेशन रिजर्व में घायल हिरण नहीं मिला जबकि वन विभाग के कर्मचारी अपने साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहे थे। इस दौरान एक बर्तन में मांस भी पकाया जा रहा था। लोगों ने जब वन विभाग के कर्मचारियों से घायल हिरण के बारे में पूछा तो वो कोई जवाब नहीं दे पाए।
लोगों का आरोप है कि कर्मचारियों ने अपने बाहरी साथियों के साथ मिलकर उसी घायल हिरण का मांस पकाया है। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय वन्य जीव प्रेमियों में वन विभाग के खिलाफ गुस्सा है। फिलहाल पुलिस ने मांस को कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगा वन विभाग के कर्मचारी जो मांस पका रहे थे वो हिरण का मांस था या नहीं।
Nagaur : युवक को ग्रामीणों ने दी दोस्त की लव स्टोरी की सजा, पेड़ से बांधकर बरपाया कहर, Video वायरल