Modi Cabinet 2024: मोदी सरकार 3.0 मंत्रिमंडल में राजस्थान के ये MP बन सकते हैं मंत्री, कई नाम चौंकाने वाले
Rajasthan MP in Modi Cabinet: देश में तीसरी बार मोदी सरकार बनने जा रही है। लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों में NDA को 292 सीटें मिलने के बाद अब 9 जून को नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। जल्द ही मोदी अपनी नई टीम (मंत्रिमंडल) बनाएंगे।
नरेंद्र मोदी सरकार 3.0 को लेकर चर्चा तेज हो गई है कि राजस्थान के किस भाजपा सांसद को अबकी बार की मोदी सरकार में मंत्री बनने का मौका मिलेगा? पहले वाले मंत्रियों में से किसकी छुट्टी होगी और किसे रिपिट किया जाएगा?

राजस्थान से ये नए चेहरे मंत्री की दौड़ में
खबर है कि राजस्थान से इस बार कुछ चेहरों को मोदी सरकार में मंत्री बनने का मौका मिल सकता है। रेस में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया के बेटे व झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह, राजसमंद सांसद महिमा कुमारी और अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी का नाम शामिल है।
राजस्थान से ये सांसद बन चुके हैं मंत्री
लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा ने राजस्थान की सभी 25 सीटें जीती थी। तब जोधपुर सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत, बीकानेर सांसद अर्जुन राम मेघवाल और बाड़मेर सांसद कैलाश चौधरी को मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया था। कोटा सांसद ओम बिरला लोकसभा अध्यक्ष बने थे। चौधरी को छोड़कर बाकी सभी इस बार भी चुनाव जीते हैं।
दुष्यंत सिंह लगातार 5वीं बार बने सांसद
झालावाड़-बारां सीट से दुष्यंत सिंह लगातार पांचवीं बार भाजपा सांसद चुने गए हैं। बीजेपी यहां लगातार दसवीं बार जीती है। ऐसे में दुष्यंत सिंह को मोदी की नई टीम में मौका मिल सकता है। खबर यह भी है कि इस बार गजेंद्र सिंह शेखावत की जगह दुष्यंत सिंह को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है।
महिमा कुमारी ने दी सबसे बड़ी जीत
राजसमंद से सांसद चुनी गईं महिमा कुमारी मेवाड़ को भी मोदी की नई टीम में शामिल किया जा सकता है। महिमा कुमारी ने राजस्थान में सबसे ज्यादा मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। पहली बार चुनाव लड़ने वाली महिमा कुमारी मेवाड़ ने कांग्रेस के दामोदर गुर्जर को 3 लाख 92 हजार 223 वोटों से हराया है, जो राजस्थान में रिकॉर्ड जीत है।












Click it and Unblock the Notifications