Jhalawar News: झालावाड़ में अगले 24 घंटे क्यों हो गया इंटरनेट बंद, सामने आई यह बड़ी वजह
Jhalawar Internet ShutDown News: राजस्थान के झालावाड़ जिले में 18 अक्टूबर को सायं 5 बजे तक इंटरनेट बंद करने के आदेश जारी हुए है। इंटरनेट बंदी के आदेश के बाद प्रदेश में चर्चाएं शुरू हो गई है।
झालावाड़ मुख्यालय पर 18 अक्टूबर को राजपूत समाज द्वारा सम्राट मिहिर भोज की जयन्ती के अवसर पर वाहन रैली एवं आम सभा का आयोजन होना है। बताया जा रहा है कि गुर्जर समुदाय द्वारा इस रैली एवं आम सभा का विरोध किये जाने की संभावना के कारण इंटरनेट बंदी के आदेश जारी किए गए है।

पुलिस और प्रशासन ने गुर्जर समाज की ओर से विवाद की सम्भावनाएं जताई है। आपसी टकराव की स्थिति से लोक आपात के विपरित रूप से प्रभावित होने एवं लोक सुरक्षा भंग होने तथा कानून व्यवस्था की स्थिति प्रतिकूल रूप से बाधित होने की आशंका उत्पन्न होने की संभावना को देखते हुए आदेश जारी किए गए है।
संभागीय आयुक्त डॉ. रविन्द्र गोस्वामी के निर्देशानुसार झालावाड़ जिले की समस्त सीमा क्षेत्र में 17 अक्टूबर को सायं 7 बजे से 18 अक्टूबर 2024 को सायं 5 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।
लीज लाईन व ब्रॉड बैण्ड को छोड़कर टूजी, थ्रीजी, फोरजी, फाइवजी डाटा, इन्टरनेट सर्विस, बल्क एसएमएस व एमएमएस की सेवा बन्द रहेगी। उक्त प्रतिबन्धात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
आपकों बता दे कि गुर्जर समाज ने बिते दिनों बड़ी संख्या में एकत्रित होकर विशाल रैली का आयोजन किया था। ऐसे में अब राजपूत समाज ने भी 18 अक्टूबर को बाइक रैली का आह्वान किया है।
राजपूत समाज की रैली के आह्वान किए जाने के बाद जिला और पुलिस प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई है। सम्भागीय आयुक्त डॉक्टर गोस्वामी ने बताया कि फिलहाल झालावाड़ की समस्त सीमा क्षेत्र में धारा 163 लगा दी गई है। ऐसे में कोई भी निषेधाज्ञा का उल्लंघन करता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
करणी सेना और राजपूत समाज की ओर से 18 अक्टूबर को आयोजित की जाने वाली रैली में 15 से 20 हजार लोगों के शामिल होने की सम्भावना जताई है।












Click it and Unblock the Notifications