जयपुर की मेघा जैन ने शादी के गिफ्ट आइडिया से खड़ा किया करोड़ों का सुपरफूड मार्केट, जानिए सफलता की कहानी
Rajasthan News: एक साधारण गिफ्ट आइडिया से शुरू हुई मेघा जैन की यात्रा आज करोड़ों के साम्राज्य का रूप ले चुकी है। जयपुर की मेघा जैन ने शादी में मेहमानों के लिए अनोखे गिफ्ट की तलाश से शुरुआत की थी और आज उनका ब्रांड केनी डिलाइट्स हेल्दी सुपरफूड और नट्स के क्षेत्र में एक जाना-पहचाना नाम बन गया है।
शादी का गिफ्ट बना करोड़ों का बिजनेस
मेघा की कहानी उनकी शादी से शुरू होती है। जब वो अपनी शादी के मेहमानों को देने के लिए कुछ खास और अलग गिफ्ट ढूंढ रही थी तो उनकी नजर डिहाइड्रेटेड फ्रूट्स पर पड़ी। हालांकि इनके महंगे दामों ने उन्हें चौंका दिया। यहीं से उनके दिमाग में एक आइडिया क्लिक किया। क्यों न इस इंडस्ट्री में खुद कदम रखा जाए।

उन्होंने छोटे स्तर पर काम शुरू किया और थाईलैंड से क्रैनबेरीज, ब्लूबेरीज और रेड बेरीज मंगवाकर बिजनेस की नींव रखी। धीरे-धीरे उन्होंने अपने प्रोडक्ट्स में चिया सीड्स, क्विन्वा और गोजी बैरीज जैसे हेल्दी सुपरफूड्स भी शामिल कर लिए।
विदेशी प्रोडक्ट्स को भारतीय बाजार में लाना
मेघा ने भारत में सुपरफूड्स की बढ़ती मांग को पहचाना और विदेशों से ब्राजील नट्स, मैकाडामिया नट्स, पेकन्स जैसे खास नट्स और वेजिटेबल चिप्स मंगवाकर भारत में उनकी सप्लाई शुरू की।
आज केनी डिलाइट्स बड़े ब्रांड्स जैसे आईटीसी और हिमालया को भी सप्लाई करता है। उनका ब्रांड पूरे भारत में हेल्दी स्नैक्स और डिहाइड्रेटेड फूड्स का ट्रेंड सेट कर चुका है।
कोरोना के दौरान मिली नई ऊंचाई
कोविड-19 महामारी के दौरान जब लोग अपनी हेल्थ को लेकर अधिक जागरूक हुए तो केनी डिलाइट्स की डिमांड तेजी से बढ़ी। मेघा ने इस अवसर का लाभ उठाया और अपने प्रोडक्ट्स को देशभर में पहुंचाया।
हाई-टेक फैक्ट्री खोलने की तैयारी
मेघा जैन अब 2025 तक एक हाई-टेक फैक्ट्री खोलने की तैयारी कर रही हैं। जिसमें 2,500 मीट्रिक टन क्षमता का कोल्ड स्टोरेज, ड्राई फ्रूट्स प्रोसेसिंग यूनिट, फ्लेवर्ड नट्स और प्रोटीन बार्स का प्रोडक्शन शामिल हैं। यह योजना उनके ब्रांड को भारत के हेल्थ-फूड सेक्टर में और भी बड़ी पहचान दिलाने की ओर है।
मेघा जैन की प्रेरणा और संदेश
मेघा जैन की सफलता न केवल उनकी मेहनत का परिणाम है। बल्कि यह दिखाती है कि बड़े सपने और सही दिशा में प्रयास कैसे असंभव को संभव बना सकते हैं। उनका कहना है कि बड़े सपने देखो और पूरी लगन से उन्हें पूरा करो। इंडिया में हेल्दी फूड इंडस्ट्री का नेतृत्व करना आसान नहीं था। लेकिन जुनून और दूरदृष्टि ने यह मुकाम हासिल करवाया।
केनी डिलाइट्स की कहानी बताती है कि एक साधारण विचार भी करोड़ों का बिजनेस बन सकता है। जयपुर की मेघा जैन की यह प्रेरणादायक यात्रा न केवल महिलाओं के लिए। बल्कि सभी युवा उद्यमियों के लिए एक उदाहरण है। यह कहानी केवल एक गिफ्ट आइडिया से शुरू हुई एक मेहनती महिला की है। जयपुर की मेघा जैन ने इसे एक वैश्विक पहचान दिलाई है।












Click it and Unblock the Notifications