राजस्थान के CM बन सकते हैं योगी आदित्यानाथ के दोस्त बाबा बालकनाथ, कहा था- 'यूपी CM मेरे गुरु-भाई की तरह'
Mahant Balaknath News Hindi: राजस्थान के अलवर सांसद और तिजारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी बाबा मंहत बालकनाथ की जीत तय है। वह तिजारा के विधायक बनने जा रहे हैं। इसी बीच उनके राजस्थान के सीएम बनने की भी चर्चा हो रही है। कई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भाजपा बाबा मंहत बालकनाथ को राजस्थान के सीएम कैंडिडेट के तौर पर देख रही है।
बाबा बालकनाथ इन सब से अलग इन दिनों अपने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजदीकियों को लेकर भी खूब चर्चा में है। भगवाधारी, महंत और सनातनी होना...यूपी सीएम योगी और बाबा बालकनाथ में कई समानताएं हैं। दोनों एक-दूसरे के दोस्त हैं।

राजस्थान का 'छोटा योगी' कहलाते हैं बाबा बालकनाथ!
इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि बालकनाथ ने खुद को "राजस्थान का योगी" के तौर पर जनता के सामने पेश किया था। उनकी चुनावी अभियान टीम द्वारा गाए गए कुछ गानों में उन्हें "छोटा योगी" भी कहा गया है। अभी हाल ही में बाबा बालकनाथ ने सीएम योगी के बारे में कहा है, 'सीएम योगी आदित्यनाथ मेरे गुरु-भाई की तरह हैं।'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2019 के लोकसभा चुनाव में बालकनाथ के लिए प्रचार किया था। वहीं इस बार नामांकन दाखिल करने के दिन सीएम योगी तिजारा में भी दिखे थे। क्षेत्र के अधिकांश बड़े होर्डिंग में केवल दो चेहरे हैं, एक सीएम योदगी आदित्यनाथ का और दूसरा बालकनाथ का। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा की तस्वीरों के साथ उम्मीदवारों की तस्वीर लगाने की प्रचलित प्रथा से बिल्कुल अलग है।
'योगी जी, मेरे 'गुरु और भाई' की तरह हैं...'
न्यूज 18 के मुताबिक योगी आदित्यनाथ के साथ अपने संबंधों पर बालकनाथ ने कहा, 'मैं ये नहीं कह सकता है कि, मैं राजस्थान का 'योगी' बन सकता हूं। हालांकि लोग इसे इस तरह से देख रहे हैं...क्योंकि हम एक ही पंथ से हैं। आज हर कोई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा बनना चाहता है। उन्होंने अपने नेतृत्व और व्यक्तित्व से जिस प्रकार भारत का विकास किया है, हर कोई उनका अनुसरण करता है और उन्हें एक आदर्श के रूप में देखता है। तो मैं दोहराना चाहूंगा, मैं और योगी जी, एक ही पंथ से हैं, एक तरह से वो वो मेरे 'गुरु और भाई' हैं। इसी नाते लोग इस बात को जोड़ते हैं।'
"राजस्थान का योगी" और "छोटा योगी" कहे जाने पर बालकनाथ ने कहा, 'ये गाना लोगों ने बनाया है। मैं खुद को योगी कहता हूं क्योंकि मैं 'नाथ' संप्रदाय से हूं।'












Click it and Unblock the Notifications