Kota Building collapses: कोटा में भरभरा कर गिरी बिल्डिंग, 1 की हुई मौत, मलबे में दबे 15 लोगों को बचाया गया
Kota Building collapses: कोटा में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त हो गया, जब जवाहर नगर थाना क्षेत्र में इंदिरा विहार स्थित ओपेरा हॉस्पिटल रोड पर एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इसी इमारत में नीचे मुरादाबादी नॉन-वेज रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं लगभग 15 अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, आपदा राहत दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान जारी है।
राज्य शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, जो घटनास्थल पर मौजूद थे उन्होंने पुष्टि की है कि"यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे हुई जब रेस्तरां में लगभग 15 लोग, जिनमें कुछ स्टाफ और ग्राहक शामिल थे,अंदर थे। फंसे हुए लोगों की कुल संख्या अभी पुष्टि नहीं हुई है,लेकिन, उनमें से आठ को गंभीर हालत में निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया जबकि एक की रास्ते में ही मौत हो गई।

जिला प्रशासन के अनुसार इस दुर्घटना में 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इमारत का तीन मंजिल का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था और आगे का काम जारी था। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर और सिटी एसपी से बात कर रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनके ओएसडी राजीव दत्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
वहीं, स्थानीय लोगों ने शुरुआती राहत कार्यों में देरी को लेकर नाराज़गी जताई है। उनका कहना है कि आवश्यक क्रेन करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची, जिससे बचाव कार्य प्रभावित हुआ। एहतियातन पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया है। हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में कई ग्राहक मौजूद थे, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, ढही इमारत कोटा के तलवंडी इलाके में थी, जहां बगल में पिछले कुछ दिनों से एक भवन का निर्माण चल रहा था. कोटा कलेक्टर पीयूष सामरिया ने कमजोर निर्माण और इमारत के पुराने होने को प्राथमिक वजह बताया।
सामरिया ने कहा "उस इमारत में चल रहे निर्माण कार्य ने संभवतः इस भवन में बार-बार कंपन पैदा किया, जिससे यह क्षतिग्रस्त हुई. प्रथम दृष्टया यह काफी पुरानी भी थी. हालांकि, ढहने का कारण विस्तृत जांच के बाद ही पता चलेगा। हम नगरपालिका अधिकारियों से भी संपर्क करेंगे ताकि यह जांचा जा सके कि भवन को कोई नोटिस जारी हुआ था या नहीं।"
कई स्थानीय लोगों ने बताया कि इमारत ढहने से पहले उन्होंने एक धमाका सुना था. कोटा फर्स्ट सर्किल के डीएसपी योगेश शर्मा ने कहा "दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया, जो अभी जारी है पुलिस ने इलाका घेर लिया है।अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। हम लोगों को बचा रहे हैं और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा रहे है।












Click it and Unblock the Notifications