लोकसभा चुनाव 2024: राजस्थान में दांव पर किरोड़ी लाल मीणा का मंत्री पद, जानिए बचेगा या जाएगा?
Kirodi Lal Meena Dausa News: लोकसभा चुनाव 2024 में राजस्थान की राजनीति में 'बाबा' के नाम से भी मशहूर डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का मंत्री पद भी दांव लगाया है। किरोड़ी लाल मीणा का मंत्री पद जाएगा या बचेगा? इसका फैसला दौसा में 19 अप्रैल को हो रहे पहले चरण के मतदान से होगा।
दरअसल, भाजपा के दिग्गज नेता किरोड़ी लाल मीणा अभी राजस्थान की भजन लाल शर्मा सरकार में कृषि और उद्योग, ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन सहायता व नागरिक सुरक्षा और सार्वजनिक अभियोजन निवारण मंत्री हैं।

राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने खुद ऐलान किया है कि अगर दौसा के महवा में भाजपा नहीं जीती तो वे अपना मंत्र पद छोड़ देंगे। यह बात उन्होंने महवा में शुक्रवार को सर्व समाज की बैठक को सम्बोधित करते हुए कही।
बता दें कि महवा एक विधानसभा क्षेत्र है, जो राजस्थान की दौसा लोकसभा सीट का हिस्सा है। 3 नवंबर 1951 को किरोड़ी लाल मीणा का जन्म महवा तहसील के खोररा मुल्ला में हुआ है। पूरे दौसा संसदीय क्षेत्र में किरोड़ी लाल मीणा का अच्छा खासा प्रभाव माना जाता है।
वर्तमान में किरोड़ी लाल मीणा सवाई माधोपुर से भाजपा विधायक हैं, मगर दौसा लोकसभा सीट कांग्रेस का करीब 19 साल पुराना कब्जा किरोड़ी लाल मीणा ने ही हटवाया।
साल 1991 से 2009 तक दौसा सीट पर सचिन पायलट के परिवार का कब्जा रहा। 1991 से 1999 तक राजेश पायलट सांसद रहे। फिर साल 2000 में रमा पायलट और साल 2004 में सचिन पायलट सांसद चुने गए।

साल 2009 में किरोड़ी लाल मीणा ने निर्दलीय के रूप में दौसा सीट पर जीत दर्ज की थी। साल 2014 में भाजपा के हरीश मीना व साल 2019 में भाजपा की जसकौर मीणा जीती। दौसा में इस बार भाजपा के कन्हैया लाल मीना vs कांग्रेस के मुरारी लाल मीना हैं।
महवा में भाजपा हारने पर मंत्री पद छोड़ने की बात कहने के बाद किरोड़ी लाल मीणा का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
किरोड़ी लाल मीणा ने यह भी कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पिछले 10 सालों में देश हित में काम कर रही है। हर वर्ग का ध्यान रखा है। एसटी-एससी वर्ग के आरक्षण को भी 10 साल बढ़ाया, लेकिन कांग्रेस आरक्षण खत्म करने का भ्रम फैला रही है।












Click it and Unblock the Notifications