खाटूश्यामजी से लापता रक्षम 5 दिन बाद इस हाल में मिला, मां-नानी की गलती से बच्चे की जान पर बन आई
Khatu Shyam Ji Missing child Kidnapping Case: राजस्थान के सीकर जिले के खाटूश्यामजी मंदिर परिसर से निर्जला एकादशी के दिन लापता हुए 3 वर्षीय मासूम रक्षम जाटव को आखिरकार पुलिस ने खोज निकाला है। मासूम की बरामदगी उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन क्षेत्र के पास से की गई है। पुलिस की इस सफलता ने पूरे प्रदेश को राहत की सांस दी है। हालांकि, बच्चा भले ही मिल गया हो, लेकिन आरोपी अब भी फरार है।
CCTV से मिला सुराग, रातोंरात पहुंची पुलिस टीम
सीकर एसपी भुवन भूषण यादव ने रक्षम के लापता होने के बाद खाटू थाना प्रभारी पवन चौबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने विभिन्न जगहों से 500 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों को ट्रैक किया। एक व्यक्ति जयपुर से खाटू पहुंचा था और लगभग पांच घंटे तक मंदिर परिसर के आसपास चक्कर लगाता दिखा। इसके बाद वो एक दुकान पर सामान छोड़कर मासूम रक्षम को लेकर गायब हो गया।

मां-नानी के भरोसे ने डुबोया भरोसा
खाटूश्यामजी पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रक्षम अपनी मां और नानी के साथ दर्शन के लिए आया था। गर्मी और तबीयत बिगड़ने के चलते परिजनों ने कुछ देर के लिए बच्चे को एक अनजान व्यक्ति के पास छोड़ दिया था। यही लापरवाही मासूम की गुमशुदगी की वजह बनी। एसपी के अनुसार यह अनजान व्यक्ति जयपुर से इस परिवार के साथ खाटूश्यामजी दर्शन के लिए आया था। इन्होंने बिना पुख्ता पहचान के उसको बच्चों सौंप दिया था।
यूपी से सकुशल बरामद, प्रेस वार्ता में हुआ खुलासा
खाटश्यामजी पुलिस टीम मंगलवार को जयपुर से यूपी रवाना हुई और बुधवार तड़के रक्षम को लेकर खाटूश्यामजी थाना पहुंची। बच्चे की पहली तस्वीर भी सामने आ चुकी है, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहा है। हालांकि बच्चा मिल गया है, लेकिन आरोपी अब भी फरार है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
एसपी भुवन भूषण यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी और लोगों से अपील की कि अपने बच्चों या कीमती सामान को कभी भी अजनबी के हवाले न करें। कम से कम उस व्यक्ति के मोबाइल नंबर या आधार कार्ड नंबर तो जरूर लेने चाहिए। रक्षम के परिवार ने बस शख्स की तस्वीर ली थी।












Click it and Unblock the Notifications