आज थम जाएगा प्रचार: राजस्थान के बाड़मेर में कंगना का रोड शो, रोक पाएंगी रविंद्र सिंह भाटी की 'आंधी'?
राजस्थान की 13 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। आज शाम को चुनाव प्रचार थम जाएगा। इससे पहले रोड शो पर जोर है। भाजपा वालों ने तो बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को राजस्थान बुला रखा है।
कंगना रनौत दो दिन से राजस्थान में हैं। पहले दिन पाली और जोधपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशियों के लिए रोड शो कर चुकी हैं। आज दूसरे दिन बाड़मेर में रोड शो कर रहीं हैं।

खबर है कि बाड़मेर में बुधवार को अभिनेत्री कंगना रनौत डेढ़ किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगी। रोड शो बाड़मेर में विवेकानंद सर्किल से शुरू होकर रेलवे स्टेशन रोड होते हुए गांधी चौक पहुंचकर खत्म होगा। भाजपा ने बाड़मेर-जैसलमेर सीट से केंद्रीय मंत्री व मौजूदा सांसद कैलाश चौधरी को मैदान में उतार रखा है।
उधर, कांग्रेस ने हनुमान बेनीवाल वाली पार्टी आरएलपी से आए उम्मेदाराम बेनीवाल पर दांव लगा रखा है। कांग्रेस प्रत्याशी बेनीवाल के समर्थन में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा बाड़मेर शहर में दोपहर को रोड शो निकालेंगे। इनका रोड शो वीरेंद्र धाम से रवाना होकर नेहरू नगर, अहिंसा सर्किल होते हुए गांधी चौक पहुंचकर समाप्त होगा।
उधर, निर्दलीय उम्मीदवार रविंद्र सिंह भाटी ने भी ताल ठोक रखी है। रविंद्र भाटी खुद ही स्टार प्रचारक हैं। वे आज बालोतरा व सिवाना शहर में रोड शो करेंगे।
बता दें कि राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं, जिनमें से 12 सीटों पर 19 अप्रैल को वोट डाले जा चुके हैं जबकि शेष 13 सीटों पर 26 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होना है। भाजपा-कांग्रेस के अलावा रविंद्र सिंह भाटी की मौजूदगी से बाड़मेर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।
आज शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। रोड शो, रैलियां व सभाओं पर रोक लग जाएगी। प्रत्याशी सिर्फ घर-घर जाकर वोट मांग सकेंगे। चुनाव आयोग की ओर से इसके लिए गंभीरता से मॉनिटरिंग की जा रही है।
लोकसभा चुनाव के लिए पीजी कॉलेज बाड़मेर से गुरुवार सुबह सात विधानसभाओं के लिए मतदान दलों की रवानगी होगी। इसके अलावा जैस्लमेर विधानसभा क्षेत्र के मतदान दल जैसलमेर से रवाना होंगे। 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से शाम छह बजे मतदान होंगे। इस बार बाड़मेर से 11 उम्मीदवार मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications