Vasundhara Raje: राजस्थान में खत्म हो गया 'महारानी युग', अब वसुंधरा राजे का राजनीतिक भविष्य क्या होगा?
Vasundhara Raje Political Career in Hindi: दिन-12 दिसंबर 2023 और जगह-भाजपा मुख्यालय जयपुर। यहां हुई राजस्थान भाजपा के नव निर्वाचित विधायक दल की बैठक वाला वो वीडियो तो आपने भी देखा ही होगा, जिसमें बतौर पर्यवेक्षक रक्षामंत्री राजनाथ सिंह मंच पर बगल में मौजूद पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया को पर्ची थमाते हैं।
राजस्थान के नए मुख्यमंत्री का नाम का ऐलान करने के लिए वसुंधरा राजे पर्ची खोलती हैं और पहले तो थोड़ा हिचकिचाती हैं। हैरान दिखाई पड़ती हैं और फिर एक नाम बोलती हैं-भजनलाल शर्मा। यही वो लम्हा था जब राजस्थान में राजे युग खत्म हुआ।

पहली बार 2003 और दूसरी बार 2013 में राजस्थान मुख्यमंत्री रहीं भाजपा नेता वसुंधरा राजे का राजनीतिक भविष्य अब कैसा होगा? इसका जवाब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एजेंडा आजतक के इंटरव्यू में दिया है।
भाजपा चीफ जेपी नड्डा ने कहा कि राजस्थान में वसुंधरा राजे सिंधिया, छत्तीसगढ़ में रमन सिंह और मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों को दुबारा सीएम नहीं बनाकर पार्टी ने उनको यह नहीं कहा है कि 'अब आप बैठ जाइए' बल्कि ये बोला है कि 'नए काम में लग जाइए। हम इन दिग्गज नेताओं को नया काम देंगे।

जेपी नड्डा कहते हैं कि तीनों ही पूर्व मुख्यमंत्री काफी अनुभव वाले हैं। सीनियर नेता होने के साथ-साथ उनको बतौर सीएम काम करने का भी अनुभव है। भाजपा तो अपने साधारण कार्यकर्ता तक का उपयोग करने से पीछे नहीं रहती है तो इन पूर्व सीएम को कैसे छोड़ देंगे। तीनों ही पूर्व मुख्यमंत्रियों को पार्टी उनके कद के अनुसार काम देगी।
15 को शपथ लेंगे भजनलाल शर्मा
राजस्थान के नए मुख्यमंत्री के रूप में भजनलाल शर्मा, डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमंचद बैरवा व मंत्री 15 दिसंबर 2023 को शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह जयपुर के रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल के सामने होगा। खबर है कि राजस्थान के कैबिनेट मंत्री व राज्यमंत्री चुनने में भाजपा आलाकमान हर किसी को चौंका सकता है।
अभी गेस्ट हाउस में रहेंगे सीएम भजनलाल शर्मा
इधर, मंगलवार को मुख्यमंत्री के रूप में भजनलाल शर्मा के नाम का ऐलान होने के साथ ही उनकी व परिवार की सुरक्षा बढ़ाई गई। सुरक्षा कारणों से जवाहर सर्किल स्थित फ्लैट से सहकार मार्ग स्थित राज्य विद्युत प्रसारण निगम के गेस्ट हाउस में (बतौर अस्थायी आवास) शिफ्ट किया गया। रात को उनको परिवार सहित यहां लाया गया। जब सीएम आवास नहीं अलॉट हो जाता, तब तक यहीं पर गेस्ट हाउस में ही रहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications