Jaisalmer Bus Tragedy: जलते ताबूत में कैद जिंदगी! गेट लॉक, बस से कूदकर भागे लोग, जैसलमेर हादसे का खौफनाक मंजर
Jaisalmer Bus Tragedy: राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर हाईवे पर हुए एसी स्लीपर बस में भीषण आग की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के मुताबिक, उस बस में कुल 57 लोग सवार थे। देखते ही देखते बस आग के गोले में बदल गई और चंद मिनटों में ही कई जिंदगियां राख हो गई।
घटना के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बस का दरवाजा लॉक होने के कारण बाहर निकलना नामुमकिन हो गया। आग की लपटों से बचने के लिए लोग बस से कूद पड़े। कई लोग कांच तोड़कर जान बचाने की कोशिश में बाहर निकले।

भीषण हादसे का दिल दहलाने वाला दृश्य
हादसे का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें बस से लगभग 40 मीटर दूर 4-5 लोग जमीन पर बैठे हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। लोग घायल, झुलसते और बदहवास नजर आ रहे हैं। जैसे ही आग लगी, बस के भीतर लोग दरवाजों की ओर दौड़े, लेकिन दरवाजा खुलते ही भीड़ ने खुद को बचाया। महिला को मौके पर पहुंचे लोगों ने कपड़ों से ढककर बचाया।
बस के अंदर फाइबर की बॉडी और भारी पर्दे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। बस की खिड़कियां पूरी कांच की थीं, जिससे बाहर निकलना और मुश्किल हो गया। ड्राइवर और कंडक्टर सबसे पहले बाहर निकले। यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस में फायर सेफ्टी उपकरण नहीं थे।
रेस्क्यू का वो भयावह मंजर
हादसे के समय लगभग 50 मिनट तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। बाद में सेना ने JCB मशीन का इस्तेमाल करके बस का दरवाजा तोड़ा और यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे की प्रथम सूचना वाले व्यक्ति और मौके पर पहुंचे शराब ठेकेदार कस्तूर सिंह ने बताया कि बस में आग इतनी तेजी से फैली कि यात्रियों को समझने का मौका भी नहीं मिला।
बस में आग लगते ही यात्रियों में हाहाकार मच गया। लोग बाहर कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश कर रहे थे। आग की लपटों से झुलसते लोग बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। बस से भागते हुए यात्रियों की सिर्फ रोने और कराहने की आवाजें सुनाई दे रही थीं।
हादसे के तुरंत बाद झुलसे यात्रियों को एम्बुलेंस से जैसलमेर के जवाहर हॉस्पिटल पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल और मथुरादास माथुर हॉस्पिटल रेफर किया गया। अभी तक इस हादसे में 20 लोगों की मौत हो चुकी है और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications