6 PAK विस्थापितों को मिली भारतीय नागरिकता, दुल्हन-श्रद्धालु बनकर आए और यहीं के होकर रह गए, Video
जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर में पाकिस्तान से हिन्दुस्तान आए 6 लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है। जैसलमेर जिला कलेक्टर नमित मेहता ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में इन लोगों को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र प्रदान किए। इनमें एक पुरुष व पांच महिलाएं शामिल हैं। इनके अलावा पांच अन्य पाक विस्थापितों को भी जल्द ही भारत की नागरिकता मिलने की उम्मीद है।
एक दशक बाद ख्वाब हुआ पूरा
जिन छह लोगों को भारतीय नागरिकता मिली है उनका यह ख्वाब पूरा होने में एक दशक से भी ज्यादा लग गया। कोई दस तो कोई 21 साल पहले यहां आया था। खास बात यह है कि इनमें से दो महिला शादी होने के कारण पाकिस्तान से भारत आई थी जबकि शेष मंदिर में दर्शन करने आए थे और फिर यही के होकर रह गए। पर्यटक वीजा पर लम्बे समय तक रहने के बाद नागरिकता के लिए आवेदन किया।
इनको दी गई भारतीय नागरिकता
जैसलमेर जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि भंवर कंवर पत्नी प्रेमसिंह की वर्ष 1997 में शादी हुई थी। इसके अलावा मेवी पत्नी उमर, लेखु, रूपा के साथ ही गुलाब बाई पत्नी दिलीप सिंह 2005 में भारत आए थे। वे यहां पर वर्षों से पाक विस्थापित के रूप में निवास कर रहे थे। रसाल पत्नी खेतसिंह की शादी वर्ष 2008 में हुई थी। इन सभी को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई है।
अब मिल सकेंगी भारतीय लोगों की तरह सुविधाएं
भारतीय नागरिकता मिलने के बाद इन पाक विस्थापितों के चेहरे पर खुशी देखते बनी। इन्होंने प्रमाण पत्र पाकर जैसलमेर जिला प्रशासन का आभार जताया। बता दें कि अब इनको भी भारतीय नागरिकों की तरह मूलभूत सुविधाएं प्रदान हो सकेंगी।