Jaipur News: जयपुर में मजार को लेकर राजनीतिक बवाल, सड़क पर ही भिड़े बीजेपी और कांग्रेस विधायक
Jaipur News: जयपुर के चांदपोल स्थित सब्जी मंडी इलाके में एक मजार पर निर्माण कार्य को लेकर बड़ा राजनीतिक बवाल शुरू हो गया है। हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति पक्का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। इसके बाद किशनपोल विधायक अमीन कागजी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए। सड़क पर ही बीजेपी और कांग्रेस विधायक एक दूसरे से भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया।
शहर का ऐतिहासिक परकोटा क्षेत्र, जिसे आमतौर पर शांत माना जाता है, कुछ ही देर में सियासी टकराव का केंद्र बन गया। संजय सर्किल के पास स्थित इस मजार पर छत निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामला दो विधायकों की प्रतिष्ठा का सवाल बन गया। हालात को देखते हुए पुलिस को भारी जाब्ता तैनात करना पड़ा।

Jaipur News: बीजेपी विधायक का आरोप, 'बिना अनुमति हो रहा निर्माण'
हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा कि मजार पर किया जा रहा निर्माण प्रशासन की अनुमति के बिना हो रहा है और इससे पुरानी संरचना का स्वरूप बदला जा रहा है। उन्होंने इसे विरासत से छेड़छाड़ बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने कहा कि इस निर्माण कार्य के लिए जरूरी अनुमति नहीं ली गई है और इसलिए तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाई जानी चाहिए।
कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने दिया जवाब
दूसरी ओर किशनपोल विधायक अमीन कागजी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह केवल मरम्मत कार्य है और पूरी तरह वैध है। उन्होंने बालमुकुंदाचार्य पर दूसरे विधानसभा क्षेत्र में आकर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि इससे बेवजह तनाव पैदा किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। प्रशासन अब निर्माण से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जयपुर की आपसी भाईचारे की परंपरा को बनाए रखना जरूरी है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications