Jaipur New Year 2026: नए साल में पार्टी कर मचाया हुड़दंग तो खैर नहीं! पुलिस ने तैयार किया पूरा एक्शन प्लान
Jaipur New Year 2026: जयपुर में नए साल के जश्न की तैयारी चल रही है। शहर भर में कई कार्यक्रम आयोजित होने वाले हैं। आम लोगों के जश्न में कोई परेशानी न हो और शहर की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे, इसके लिए पुलिस ने पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। जयपुर पुलिस इस बार हुड़दंगियों पर कड़ा एक्शन लेगी। पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कर दिया है कि शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों और नशे में ड्राइविंग करनेवालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि 31 दिसंबर की रात शहर के सभी प्रमुख चौराहों और व्यस्त इलाकों में पुलिस बल तैनात होगी। सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। आम लोगों से भी पुलिस और प्रशासन के निर्देश मानने और जांच में सहयोग की अपील की गई है।

Jaipur New Year 2026: नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुलिस का एक्शन प्लान
- जयपुर कमिश्नरेट की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, नए साल की रात शहर के प्रमुख क्लबों के बाहर पुलिस जवानों के साथ बाउंसर भी तैनात किए जाएंगे।
- नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर गाड़ी जब्त की जाएगी और उसे ई-रिक्शा के जरिए घर भेजा जाएगा।
- शहर के प्रमुख पार्टी वाली जगहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में नए साल के मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात की जाएगी।
Jaipur News: क्लब वाले इलाकों के लिए माइक्रो मैप तैयार
पुलिस ने नए साल से पहले क्लब संचालित क्षेत्रों का माइक्रो मैप तैयार किया है। इसके तहत ऐसे इलाकों को चिन्हित किया गया है, जहां भीड़ अधिक रहने की संभावना है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी।
क्लब संचालकों को सख्त दिशा-निर्देश
जयपुर पुलिस ने क्लब संचालकों को भी सख्त निर्देश दिए हैं। पार्किंग व्यवस्था के दौरान वापसी में गाड़ी चलाने वाली की पहचान की जिम्मेदारी भी क्लब प्रबंधन की होगी। शराब के नशे में किसी शख्स को गाड़ी लेकर जाने की अनुमति नहीं देने का जिम्मा क्लब प्रबंधन का होगा। पुलिस की ओर से शहर में 73 स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जा रही है।
जवाहर सर्किल क्षेत्र में क्लबों की संख्या अधिक है, इसलिए वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नए साल का जश्न मनाते हुए नियम पालन का ध्यान रखें। हुड़दंग, मारपीट या नशे में ड्राइविंग न करें और ऐसा करने वालों की सूचना पुलिस को दें।












Click it and Unblock the Notifications