Rajasthan: अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में मोबाइल मामले में जेल प्रहरी गिरफ्तार, लारेंस के गुर्गे को दिया मोबाइल
Rajasthan Ajmer Jail News: राजस्थान की हाई सिक्योरिटी अजमेर जेल में बंद हार्डकोर बदमाश तक मोबाइल सीम कार्ड पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
दरअसल पूरा मामला अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल से जुड़ा हुआ है। जहां प्रदेश सहित दूसरे राज्यों के हार्डकोर बदमाश अपनी सजा काट रहे है। इसी जेल में बिते दिनों कुख्यात गैंगस्टर लारेंस विश्नोई के गुर्गे की बैरक के पास से एक मोबाइल फोन मिला था।
अजमेर की इसी हाई सिक्योरिटी जेल के मुख्य प्रहरी पर जेल में बंद हार्डकोर बदमाशों को मोबाइल सिम उपलब्ध कराने का आरोप है। मामले में अजमेर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी जेल प्रहरी को गिरफ्तार कर लिया है, फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है।

मामले में जांच अधिकारी सीओ नॉर्थ रूद्र प्रकाश ने बताया कि कार्रवाई करते हुए बीती रात प्रदेश की सबसे सुरक्षित माने जाने वाली अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल से मुख्य जेल प्रहरी किशनगढ़ निवासी वीरपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
सीओ नॉर्थ रूद्रप्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 जून 2024 को हाई सिक्योरिटी जेल के अधीक्षक पारस जांगिड़ द्वारा एक सिविल लाइन थाने में शिकायत दी गई थी।
जिसमे विचाराधीन हार्डकोर बदमाश जो कि कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है वह राजू ठेहट हत्याकांड का मुख्य आरोपी विक्रम गुर्जर व उसके साथी रोशन जाट के पास उनकी बैरक में एक कीपैड मोबाइल मिला था ।
इस प्रकरण मे तत्कालीन आईजी लता मनोज कुमार के निर्देशन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया था। जांच के दौरान कीपैड मोबाइल से बरामद की गई सिम कालूराम नाम के व्यक्ति के द्वारा जारी किया जाना सामने आया।
कालूराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो कालूराम ने राज खोलते हुए पुलिस को बताया कि हाई सिक्योरिटी जेल के मुख्य जेल प्रहरी वीरपाल जाट ने उससे सिम ली थी। जिसके बाद जांच अधिकारी द्वारा मुख्य जेल प्रहरी वीरपाल जाट को बीती रात हाई सिक्योरिटी जेल से गिरफ्तार किया है।
अब मोबाइल सिम से हार्डकोर बदमाश विक्रम गुर्जर और रोशन जाट किन-किन अपराधियों से बात कर रहे थे। इसकी जांच की जाएगी। वहीं मुख्य जेल प्रहरी वीरपाल जाट को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।
गौरतलब है कि हाई सिक्योरिटी जेल मे उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी, आनंदपाल गैंग से जुड़े सदस्य, राजू ठेहट हत्याकांड के आरोपी सहित कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सदस्य भी इसी हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है।
जानकारी के अनुसार हाई सिक्योरिटी जेल में बंद विक्रम गुर्जर उर्फ लादेन कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग का सदस्य है और उस पर राजू ठेहठ की हत्या का भी आरोप है।












Click it and Unblock the Notifications