IPS Preeti Chandra: कौन हैं आईपीएस प्रीति चंद्रा जिनकी फेसबुक आईडी को लेकर मचा बवाल?
IPS Preeti Chandra: राजस्थान की चर्चित और तेजतर्रार महिला आईपीएस अधिकारी प्रीति चंद्रा एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई कार्रवाई या प्रोफेशनल सफलता नहीं है। सोशल मीडिया पर उनके नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी की वजह से अधिकारी सुर्खियों में हैं। आईपीएस प्रीति चंद्रा ने खुद अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है और लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
आईपीएस चंद्रा ने बताया कि हाल के दिनों में उनके नाम से किसी ने फेक आईडी बनाई है। इस संबंध में उन्हें लगातार फोन कॉल्स आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आईडी उनकी नहीं है और कोई अज्ञात व्यक्ति उनके नाम और फोटो का गलत इस्तेमाल कर रहा है।

IPS Preeti Chandra News: सोशल मीडिया पर बनाई गई फेक आईडी
प्रीति चंद्रा ने आम जनता से अपील की है कि ऐसी फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से सावधान रहें और किसी भी तरह की बातचीत या लेन-देन से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम से फेक सोशल मीडिया अकाउंट बनाए जाते हैं। इन अकाउंट्स के जरिए लोगों से अनुचित लाभ, पैसों की मांग या अन्य तरह की ठगी की जाती है। ऐसे मामलों में तुरंत सतर्क रहना चाहिए और साइबर सेल या पुलिस में शिकायत करनी चाहिए।
IPS Preeti Chandra ने साधारण किसान परिवार से तय किया UPSC का सफर
आईपीएस प्रीति चंद्रा का जन्म 1979 में सीकर जिले के कूदन नामक छोटे से गांव में हुआ था। वह एक साधारण किसान परिवार से आती हैं। उनके पिता रामचंद्र सुंडा भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। प्रीति की शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई, जिसके बाद उन्होंने जयपुर के महारानी कॉलेज से एमए और बीएड की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने पत्रकारिता और फिर टीचर की नौकरी भी की थी। उनका सपना हमेशा से सिविल सेवा में जाने का था। बिना किसी कोचिंग के, अपनी कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर उन्होंने 2008 में यूपीएससी परीक्षा पहले ही प्रयास में पास की।
राजस्थान की चर्चित अधिकारी हैं प्रीति
प्रीति चंद्रा ने यूपीएससी में 255वीं रैंक हासिल की और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित हुईं। आज वह न केवल राजस्थान बल्कि देशभर की युवतियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। बतौर पुलिस अधिकारी उनकी गिनती तेज-तर्रार और अनुशासनप्रिय अधिकारियों में होती है। उन्होंने प्रदेश में कई अहम पदों पर सेवा दी है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात और प्रशासन), जयपुर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) करौली, एसपी बूंदी, एसपी कोटा एसीबी, और जयपुर मेट्रो कॉर्पोरेशन में पुलिस उपायुक्त की भूमिका निभाई है।












Click it and Unblock the Notifications