तबीयत खराब होने पर कराई गई विमान की अपातकाल लैंडिंग, अस्पताल लेकर पहुंचे तो हो गई मौत!
जयपुर। राजस्थान के जयपुर में दिल्ली से हैदराबाद जा रही फ्लाइट में महिला यात्री की तबीयत खराब हो गई। महिला की तबीयत खराब होने पर विमान की जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट ने हैदराबाद जाने के लिए दिल्ली से उड़ान भरी। उड़ान के दौरान महिला यात्री कंचन दुगड़ को अचानक सांस लेने में तकलीफ होने लगी। बता दें कि महिला यात्री अपने दो रिश्तेदारों के साथ सफर कर रही थी। रिश्तेदारों ने ही फ्लाइट के स्टाफ से कंचन की तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी।
मेडिकल इमरजेंसी को देखते हुए शाम करीब पांच बजे पायलट ने फ्लाइट को जयपुर में उतरने देने की इजाजत मांगी। एटीएस का इशारा मिलते ही शाम 5.15 को फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यहां से एम्बुलेंस में महिला यात्री को उसके रिश्तेदारों के साथ फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। जहां कंचन की इलाज के दौरान मौत हो गई।