राजस्थान गुर्जर आंदोलन 2020 : आरक्षण के लिए सरकार को अल्टीमेटम, 17 अक्टूबर को महापंचायत
जयपुर। कोरोना महामारी के बीच राजस्थान में गुर्जर आरक्षण आंदोलन की आहट सुनाई दे रही है। प्रदेश मे जिला परिषद और स्थानीय निकाय चुनाव भी जल्द ही होने हैं, ऐसे में अगर गुर्जर आंदोलन होता है तो प्रशासन के सामने चुनाव सम्पन्न करवाने की भी चुनौती रहेगी।

देवनारायण मंदिर परिसर में महापंचायत
बता दें कि गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति ने राजस्थान सरकार को 17 अक्टूबर तक का अल्टीमेटम दिया है। इस दिन सवाई माधोपुर जिले के मलारना डूंगर के मकसूदनपुरा-चौहानपुरा स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में गुर्जरों की महापंचायत बुलाई गई है। मलारना डूंगर वहीं जगह है जहां से राजस्थान गुर्जर आंदोलन 2019 की शुरुआत हुई थी।

अब नहीं करेंगे सरकार से वार्ता-बैंसला
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने कहा कि राजस्थान सरकार सब जानती है कि हम क्या चाहते हैं, ऐसे में हम सरकार के साथ वार्ता नहीं करेंगे। पूर्व में राजस्थान सरकार और आंदोलनकारियों के बीच एमबीसी आरक्षण को लेकर हुए समझौते की सरकार पालना नहीं कर रही है। सरकार सब जानती है कि हम क्या चाहते हैं, ऐसे में हम सरकार के साथ वार्ता नहीं करेंगे।

पालना के इंतजार में डेढ़ साल गुजार दिए
बता दें कि डेढ़ साल से मुख्य सचिव और सरकार के बीच उच्च स्तर पर वार्ता ही हो रही है। प्रक्रियाधीन भर्तियों में गुर्जरों समेत एमबीसी में शामिल पांच जातियों को दिए गए आरक्षण की पूर्णता पालना नहीं हो रही है। बैंसला का कहना है कि आरक्षण आंदोलन समझौते के सभी बिंदुओं की अक्षरशः पालना के इंतजार में डेढ़ साल गुजार दिए। इस बीच एमबीसी वर्ग को काफी हानि हुई है।












Click it and Unblock the Notifications