Gourav Vallabh: कांग्रेस से इस्तीफा देते ही गौरव वल्लभ को नर्क में क्यों भेज रहे प्रताप खाचरियावास?
Gourav Vallabh vs Pratap Khachariyawas: 'कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव वल्लभ पाप के भागीदार बन गए हैं। लोक सभा चुनाव 2024 की जंग शुरू होने के बाद अपनों का हाथ छोड़ दिया। अब इनका नर्क में जाना तय है' यह बात हम नहीं बल्कि प्रताप सिंह खाचरियावास ने कही है।
दरअसल, गौरव वल्लभ ने 4 अप्रैल 2024 की सुबह कांग्रेस पार्टी छोड़ दी। जिसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी। लोकसभा चुनाव 2024 के बीच अचानक उनका यह फैसला लेने पर खूब प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

राजस्थान कांग्रेस नेता भी गौरव वल्लभ के कांग्रेस छोड़ने पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जयपुर शहर सीट से लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप सिंह खाचरियावास ने तो यहां तक कह दिया कि वल्लभ पाप ही नहीं बल्कि नर्क के भी भागीदार हैं।
प्रताप सिंह खाचरियावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि 'आप जैसे लोग पाप के भागीदार बनेंगे, भगवान श्री कृष्ण ने गीता में कहा है युद्ध शुरू होने के बाद जो परिवार को छोड़कर सामने वाले की सेना में शामिल हो जाता है वो नर्क का भागीदार है।'
गौरव वल्लभ को चार अप्रैल को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को दो पेज का इस्तीफा भेजा, जिसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि 'कांग्रेस पार्टी आज जिस प्रकार से दिशाहीन होकर आगे बढ़ रही है, उसमें मैं ख़ुद को सहज महसूस नहीं कर पा रहा। मैं ना तो सनातन विरोधी नारे लगा सकता हूं और ना ही सुबह-शाम देश के वेल्थ क्रिएटर्स को गाली दे सकता। इसलिए मैं कांग्रेस पार्टी के सभी पदों व प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफ़ा दे रहा हूं।'

गौरतलब है कि गौरव वल्लभ को कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2024 में उदयपुर से टिकट दिया था, मगर वे ताराचंद जैन के सामने चुनाव हार गए थे। ताराचंद जैन को 97 हजार 466 और गौरव वल्लभ को 64 हजार 695 वोट मिले।












Click it and Unblock the Notifications