पिता ने 6 साल के बेटे को पानी में डुबोकर की हत्या, पत्नी ने दर्ज करवाया मामला
बाड़मेर। राजस्थान के बाड़मेर जिले के बायतु पुलिस थाना क्षेत्र के अकदड़ा गांव की हुड्डो की ढाणी निवासी एक पिता ने अपने छह वर्षीय पुत्र को पानी से भरे टांके (हौद) में डालकर हत्या कर दी। फिर खुद मौके से भाग गया। बायतु थानाधिकारी ललित किशोर ने बताया कि सुगणी देवी पुत्री लक्ष्मणाराम जाट निवासी हुड्डो की ढाणी ने दी लिखित रिपोर्ट पेश कर बताया कि मेरा पति जेहाराम ऊर्फ देवीलाल पुत्र तोगाराम जाट निवासी हुड्डो की ढाणी अकदड़ा पिछले लंबे समय से मेरे व मेरे बच्चों के साथ मारपीट और परेशान करता था।

गुरुवार शाम करीब 7 बजे उसने मेरे व मेरे बच्चों के साथ मारपीट करके मेरे बच्चों को मुझसे छीन लिया था। उसके बाद रात को उसने मेरे बड़े बेटे विक्रम (6) को पानी के टांके में डालकर की हत्या कर दी। सुगणीदेवी ने अपने पति जेहाराम ऊर्फ देवीलाल सहित ससुराल पक्ष के पुरखाराम, अर्जुनराम, राणाराम और मामी ससुर मगाराम के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट पेश की।
जानकारी के अनुसार आरोपी जेहाराम पिछले लंबे समय से अपने ससुर को जान से मारने की धमकियां दे रहा है। कुछ दिन पूर्व आरोपी द्वारा अपनी पत्नी और बच्चो की मारपीट करने पर बायतु थाने मे रिपोर्ट पेश की गई थी। इसके बाद सामाजिक स्तर पर समझौता करवाया गया था। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों की मौजूदगी में शव को टांके से बाहर निकालकर सीएचसी बायतु की मोर्चरी मे मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द किया।












Click it and Unblock the Notifications