बिहार के सुपर 30 की तर्ज पर राजस्थान में एक्सीलेंट 40, झुंझुनूं में करवाएंगे अफसर बनने की तैयारी
झुंझुनूं। बिहार के आनंद कुमार की सुपर 30 को कौन नहीं जानता। सुपर 30 वो संस्थान है, जो गरीब तबके के स्टूडेंट्स को आईआईटी की तैयारी करवाती है। अब उसी तर्ज पर राजस्थान में एक्सीलेंट 40 संस्था शुरू हुई है, जो युवाओं को यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी करवाकर उनके अफसर बनने की राह आसान करेगी। यह सब झुंझुनूं जिला कलक्टर रवि जैन की पहल पर हो रहा है।

झुंझुनूं कलक्टर की क्लास का विस्तार
बता दें कि झुंझुनूं में कलक्टर की क्लास संचालित है, जिसके जरिए युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाती है। अब उसी क्लास कार्यक्रम का विस्तार करके इसे एक्सीलेंट 40 नाम दिया गया है। कलेक्टर की क्लास के संयोजक कमलकांत जोशी ने बताया कि संभवतया दिसंबर के पहले सप्ताह में एक्सीलेंट 40 के तहत क्लासेज शुरू की जाएगी, जिसमें 40 युवाओं को यूपीएससी एग्जाम की तैयारियां करवाई जाएगी। एक्सीलेंट 40 के लिए हुए इंट्रेस एग्जाम के लिए 346 युवाओं ने आवेदन किया था। इन्हीं में से 40 युवाओं का चयन किया जा रहा है।
ये लोग करवाएंगे तैयारी
आईएएस का एग्जाम दे चुके दिल्ली में युवाओं से संपर्क किया गया है, जो यहां के युवाओं को तैयारियों के टिप्स बताएंगे। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर टीचरों के अलावा आईएएस बन चुके युवाओं को भी गेस्ट फैकल्टी के रूप में बुलाया जाएगा। हर महीने में छह टेस्ट होंगे, इनमें तीन ऑनलाइन तथा तीन सब्जेक्टिव होंगे। कुल मिलाकर महीने में हर पांचवें दिन युवाओं को अपनी तैयारी का टेस्ट देना होगा। एक्सीलेंट 40 में पढ़ने वालों को पाठय सामग्री निशुल्क मिलेगी।
कलेक्टर की क्लास पढ़ने वाले हुए सफल
झुंझुनूं कलेक्टर की क्लास के संयोजक कमलकांत जोशी ने बताया कि अब तक कलेक्टर की क्लास के चार बैच में 70 युवा आरएएस मैंस तक पहुंच गए है, जबकि चार दिल्ली पुलिस में ज्वाइन कर चुके है। नौ युवाओं ने फिजीकल क्लियर कर लिया है। चार अध्यापक सैकंड ग्रेड, एक लेक्चरर, एक कॉलेज प्रोफेसर, एक अतिरिक्त स्टेशन तथा छह युवा थर्ड ग्रेड टीचर बन चुके हैं। छह युवा एलडीसी तथा एक रेलवे आरपीएफ में ज्वाइन कर चुका है।












Click it and Unblock the Notifications