भारी बारिश के कारण राजस्थान के बारां में मध्य प्रदेश से संपर्क कटा, कई जिलों में अलर्ट
बारां। मध्यप्रदेश-राजस्थान में हो रही जोरदार बरसात का असर दोनों की सीमा पर स्थित बारां जिले में भी देखने को मिल रहा है। बारां जिले में बहने वाली परवन और पार्वती नदी इन दिनों ऊफान पर हैं। ऐसे में राजस्थान-मध्यप्रदेश में कई मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया है।

पार्वती नदी में पानी की आवक अधिक
पार्वती नदी में पानी की आवक अधिक होने से छबड़ा के पास गुगोर में स्थित पुलिया डूबने से छबड़ा गुना वाया गुगोर फतहगढ़ रोड अवरुद्ध होने से इस मार्ग के जरिए राजस्थान एमपी का संपर्क कट गया। वहीं, जेपला गांव की बेथली में पुलिया पर पानी चलने से जेपला व प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कोटरापार लक्ष्मण टेकरी सहित आधा दर्जन गांवों का रास्ता बंद हो गया है, जिससे जेपला गांव में स्थित बापचा थाने का संपर्क भी कट गया।

स्टेट हाईवे 72 पर वाहनों की आवाजाही बंद
वहीं, पार्वती नदी में पानी बढ़ने से स्टेट हाईवे 72 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद है और पुलिया पर तीन-तीन फीट पानी बह रहा है। पार्वती नदी के कारण जलवाड़ा-बारां वाया बराना, नाहरगढ़ स्टेट हाईवे 72 पर वाहनों की आवाजाही बन्द हो गई है। देगनी गांव के समीप स्थित पार्वती नदी के चलते वाहन चालकों को जिला मुख्यालय सहित अन्यत्र स्थानों पर जाने के लिए किशनगंज होते हुए जाना पड़ रहा है। पार्वती नदी की पुलिया पर पानी की करीब तीन फीट चादर चल रही है।

परवन नदी के चलते पुलिया डूब ग
इसके अलावा बरनी नदी, सुखार नदी, खटफाड़ नदी, उतावली नदी में भी पानी की आवक बढ़ गई है। वहीं अहमदी लघु सिंचाई परियोजना के बांध व किशनपुरा के समीप पार्वती पिकअप वियर के बांध में भी पानी की अच्छी आवक हुई है। इधर, हरनावदाशाहजी के पास परवन नदी के चलते पुलिया डूब गई है। अकलेरा व कामखेड़ा मार्ग पर यातायात बंद हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications