Rajasthan: कार में रखा रसोई गैस सिलेंडर फटने से चालक जिंदा जला, छत उड़कर 20 फीट दूर गिरी
श्रीगंगानगर का संकेत बंसल रसोई गैस सिलेंडर भरवाकर कार में रखकर घर आ रहा था। रास्ते में सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और संकेत की मौत।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में हर किसी को हैरान कर देने वाला हादसा हुआ है। कार में रखा रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिससे कार चालक जिंदा जल गया। शव सीट के पूरी तरह से चिपक गया।
कार में अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरी कार ने आग पकड़ ली। चालक को नीचे उतरने का मौका तक नहीं मिला। कार की छत उड़कर 20 फीट दूर जा गिरी।

जानकारी के अनुसार श्रीगंगानगर में जस्सा सिंह मार्ग पर पावनधाम रोड के पास न्यू चावला कॉलोनी में जिसने भी यह हादसा देखा, उसकी भी रुह कांप उठी। सूचना पाकर दमकल और पुलिस भी मौके पर पहुंची।
पावनधाम रोड स्थित कॉलोनी निवासी संकेत बंसल (25) सुबह करीब साढ़े 11 बजे रसोई गैस सिलेंडर भरवाकर कार से घर ला रहा था। रास्ते में वह गेहूं पिसवाने के लिए कच्चे रास्ते से आटा चक्की की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान कार की पीछे की सीट पर रखे गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया और कार की छत करीब बीस फुट दूर जाकर गिरी और रसोई गैस सिलेण्डर फटकर बाहर आ गया। संकेत कार की ड्राइवर सीट पर ही जिंदा जल गया।
सिलेंडर फटने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आस-पास के लोग और पुलिस का मानना है कि घटना को देखते हुए लगता है कि रसोई गैस सिलेण्डर लीकेज हो सकता है, जिससे कार में गैस जमा हो गई और किसी कारण से कार में आग लगने के साथ ही सिलेण्डर में विस्फोट हो गया।












Click it and Unblock the Notifications