Rajasthan News: राजस्थान में निर्दलीय विधायकों की डिनर पॉलिटिक्स, सरकार पर दबाव की रणनीति या बड़ी तैयारी
Rajasthan News: राजस्थान में भारी बारिश के गर्मी से राहत तो मिल गई है। लेकिन प्रदेश के निर्दलीय विधायकों के डिनर पार्टी की एक तस्वीर ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। हाल ही में वसुंधरा राजे के करीबी नेता यूनुस खान सहित कुछ निर्दलीय विधायकों की फाइव स्टार होटल में डिनर की फोटो वायरल हुई है। इसके बाद प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। फोटो को सोशल मीडिया पर जमकर साझा किया जा रहा है। इस फोटो को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि निर्दलीय विधायकों की यह डिनर पॉलिटिक्स सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति है या प्रदेश में कोई बड़ी तैयारी की जा रही है।
निर्दलीय विधायक डिनर पार्टी में हुए शामिल
जयपुर के एक पांच सितारा होटल में प्रदेश के निर्दलीय विधायकों ने डिनर पार्टी की है। इस डिनर पार्टी में डीडवाना विधायक यूनुस खान, शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी, बाड़मेर विधायक डॉ. प्रियंका चौधरी, सांचौर विधायक जीवाराम चौधरी, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, बयाना विधायक रितु बानावत मौजूद थी। हालांकि इस डिनर पार्टी में विधायकों के बीच क्या चर्चा हुई। इस बारे में अभी कोई बात बाहर नहीं आ सकी है। पार्टी में शामिल हुए विधायकों का कहना है कि विधानसभा में परफॉर्मेंस और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई है।

सरकार पर दबाव की रणनीति या कोई बड़ी तैयारी
राजस्थान के निर्दलीय विधायकों ने वसुंधरा राजे के करीबी नेता यूनुस खान की अगवाई में जिस तरह से डिनर पार्टी की है। उसके बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। राजनीति के जानकार इसे वसुंधरा राजे की पीआर से भी जोड़कर देख रहे हैं। जानकार कहते हैं कि निर्दलीय विधायक सरकार में अपनी भूमिका को अहमियत दिलवाने के लिए इस तरह की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे राजस्थान में सरकार के फेरबदल को लेकर बड़ी तैयारी के तौर पर भी देख रहे हैं।
वसुंधरा राजे की सक्रियता ने बढ़ाई टेंशन
राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से वसुंधरा राजे सक्रिय नजर आ रही है। झालावाड़ में वसुंधरा राजे ने ताबड़तोड़ कार्यक्रम किया। वहीं भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पदभार ग्रहण समारोह में भी वसुंधरा राजे शामिल हुई। इसके ठीक बाद वसुंधरा राजे के करीबी मंत्री रहे यूनुस खान की अगवाई में निर्दलीय विधायकों की डिनर पार्टी ने सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। प्रदेश में अब निर्दलीय विधायकों की इस डिनर पॉलिटिक्स को लेकर अलग-अलग प्रयास लगाए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications