पंजाब के बाद अब कांग्रेस का फोकस गहलोत-पायलट विवाद पर, आज बुलाई विधायकों की बैठक
नई दिल्ली, 24 जुलाई: पंजाब में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंद सिद्धू के बीच 4 साल से विवाद चल रहा था। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए हाल ही में कांग्रेस हाईकमान एक्शन में आया और बातचीत के जरिए दोनों के बीच की दूरियां मिटा दीं, लेकिन राजस्थान में अभी भी सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट खेमे के बीच 'कोल्ड वार' चल रहा है। जिसे खत्म करने के लिए कांग्रेस सक्रिय हो गई है। साथ ही रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई गई।

राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि रविवार सुबह राजस्थान के कांग्रेस विधायकों की एक बैठक बुलाई गई है। जिसमें कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। डोटासरा ने ये माना की बैठक थोड़ा जल्दी में बुलाई गई है, लेकिन इसके पीछे की वजह उन्होंने नहीं बताई। सूत्रों के मुताबिक पार्टी और सरकार के कुछ जरूरी मुद्दों पर बैठक में चर्चा की जाएगी। साथ ही लंबे वक्त से कैबिनेट विस्तार भी रुका हुआ है, ऐसे में उस पर भी कोई फैसला हो सकता है।
माकन और वेणुगोपाल होंगे शामिल
वहीं कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और अजय माकन शनिवार शाम जयपुर के दौरे पर गए। वहां पर वो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि वो विधायकों की बैठक में शामिल होंगे, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रविवार को ही दोनों नेता दिल्ली वापस लौट आएंगे, ऐसे में उनकी पायलट से अकेले में मुलाकात मुश्किल है।
क्या होगा कैबिनेट विस्तार?
पायलट और गहलोत के बीच बढ़ते विवाद को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान अब राजस्थान में कैबिनेट विस्तार पर विचार कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक अगले हफ्ते नए मंत्रियों का शपथग्रहण हो सकता है। इसके अलावा इस महीने के अंत में नए जिला अध्यक्षों की भी नियुक्ति पार्टी कर देगी।












Click it and Unblock the Notifications