BUNDI : जीजा के प्यार में कातिल बनी साली, राजस्थान पुलिस के कांस्टेबल को मारकर शव किले में गाड़ा, VIDEO
बूंदी/सवाईमाधोपुर। राजस्थान की एक युवती ने बूंदी पुलिस कांस्टेबल जीजा के प्यार में पहले तो अपनी बहन का घर उजाड़ा और फिर जीजा की हत्या कर उसका शव ऐसी जगह गाड़ा कि राजस्थान पुलिस चार माह तक अपने ही कांस्टेबल का सुराग नहीं लगा सकी। बुधवार को सवाई माधोपुर के बौंली कस्बा स्थित विजयगढ़ किले के नीचे धीरावत महल में दफन कांस्टेबल का शव मिला तो हर कोई चौंक गया। करीब 110 दिन से दफन यह शव कंकाल बन चुका था।

28 अगस्त को लापता हुआ था बूंदी पुलिस का कांस्टेबल
मामले के अनुसार राजस्थान के बूंदी शहर में बीबनवा रोड निवासी कांस्टेबल अभिषेक शर्मा 28 अगस्त 2019 को रहस्यमयी ढंग से लापता हो गया था। 30 वर्षीय अभिषेक 11 साल पहले राजस्थान पुलिस में भर्ती हुआ था और वर्तमान में बूंदी पुलिस लाइन में तैनात था। 28 अगस्त की शाम 7 बजे वह घर से निकला था तो अपनी बहन से कहकर गया था कि रात को उसका खाना मत बनाना। वह कल आएगा। रात 11 बजे बाद उसका मोबाइल स्विचऑफ हो गया था। तब परिजनों की चिंता बढ़ी और उन्होंने तलाश शुरू की। परिजनों ने 5 सितंबर 2019 को बूंदी कोतवाली पुलिस थाने में पुलिस कांस्टेबल अभिषेक शर्मा की गुमशुदगी दर्ज करवाई गई।

साली श्यामा शर्मा से जीजा का प्रेम प्रसंग
बूंदी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में पता चला कि बूंदी निवासी कांस्टेबल अभिषेक शर्मा की शादी सवाई माधोपुर के जरवाड़ा गांव की दिव्या हुई थी। दिव्या की बौंली निवासी फुफेरी बहन श्यामा शर्मा से अभिषेक की दोस्ती हो गई। फिर दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। सालभर पहले श्यामा बूंदी आई और अभिषेक के घर बीस दिन तक रहकर भी गई थी।

पीहर में रह रही पत्नी
इसी दौरान अभिषेक की पत्नी को दिव्या को अभिषेक और श्यामा के प्रेम संबंधों की जानकारी हो गई थी। उसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच दूरियां इतनी बढ़ी कि दिव्या ने तलाक का केस कर दिया और चार-पांच माह पहले अपने पीहर सवाई माधोपुर के जरवाड़ा गांव जाकर रहने लगी।

कांस्टेबल के कपड़े तालाब में डाले
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि परिजनों ने कांस्टेबल की रिश्ते की साली श्यामा शर्मा पर हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने श्यामा और उसके कथित प्रेमी नावेद को पकड़कर पूछताछ की तो शुरुआत में तो वे पुलिस को गुमराह करते रहे फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया। उन्होंने बताया कि कांस्टेबल अभिषेक की हत्या करके शव बौंली के खण्डहरनुमा किले में गाड़ दिया। जहां से पुलिस ने बुधवार को शव बरामद कर लिया। आरोपी श्यामा शर्मा और उसकी प्रेमी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। आरोपियों ने अभिषेक की मोटरसाइकिल एक कुएं में और उसकी कपड़े तालाब में डाल दिए थे। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

कांस्टेबल की मां व बहन ने जताया था शक
अभिषेक की बहन शीतल शर्मा व दयमंती शर्मा ने बताया कि वे कभी सोच भी नहीं सकती कि अभिषेक ऐसे षड़यंत्र में भी फंस सकता है। श्यामा ने पहले तो उसका घर उजाड़ा और बाद में उसी को मौत के घाट उतार दिया। हमने पहले ही अभिषेक की पत्नी दिव्या की फुफेरी बहन श्यामा पर हत्या का शक जताया था।












Click it and Unblock the Notifications