मालवीय का CM गहलोत को जवाब, बोले-राजेश पायलट की चिंता होती तो बेटे सचिन को बेइज्जत नहीं करते
amit malviya CM ashok gehlot sachin Pilot: बीजेपी आईटी हेड अमित मालवीय के राजेश पायलट पर किए गए ट्वीट के बाद उन्होंने राजस्थान सीएम अशोक गहलोत व सचिन पायलट की सियासी खींचतान पर निशाना साधा है।
मिजोरम पर बम बरसाने को लेकर विवादित ट्वीट करने वाले बीजेपी आईटी हेड अमित मालवीय ने अब राजस्थान सीएम अशोक गहलोत व पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के सियासी रिश्तों पर निशाना साधा है।

अमित मालवीय ने सीएम अशोक गहलोत को जवाब देते हुए लिखा कि 'चलिए, आपको राजेश पायलट जी के सम्मान की चिंता तो हुई! लेकिन अगर आप सच में उनके प्रति श्रद्धा का भाव रखते तो उनके बेटे सचिन पायलट को अपने मंत्रिमंडल से बेइज्जत करके बर्खास्त नहीं करते और सार्वजनिक रूप से उनके लिए अमर्यादित निकम्मा-नकारा-कोरोना-ग़द्दार जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल नहीं करते। हर बार जब आपने सचिन पायलट का अपमान किया, तब-तब क्या आपको राजेश पायलट जी के सम्मान की चिंता नहीं हुई?
दरअसल, राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 से पहले एक बार फिर से अशोक गहलोत-सचिन पायलट के राजनीतिक रिश्तों पर निशाना साधने से पहले भाजपा आईटी प्रमुख अमित मालवीय ने 13 अगस्त को एक ट्वीट कर यह दावा किया था कि 5 मार्च 1966 को इंदिरा गांधी की सरकार में भारतीय वायुसेना ने बम बरसाए थे। बम बरसाने वाले जेट को तत्कालीन पायलट राजेश पायलट व सुरेश कलमाड़ी उड़ा रहे थे। फिर दोनों पायलट कांग्रेस में शामिल हुए और मंत्री भी बने।
अमित मालवीय के इस दावे पर राजेश पायलट के बेटे सचिन पायलट ने जवाब देते हुए ट्वीट किया था कि मालवीय का दावा झूठा है, क्योंकि उनके पिता राजेश पायलट भारतीय वायुसेना में 29 अक्टूबर 1966 में कमीशन हुए थे जबकि आप दावा 5 मार्च 1966 का कर रहे हैं। आपके पास गलत तारीखें व गलत तथ्य हैं। यह सही है कि मेरे पिता राजेश पायलट ने बम गिराए थे, लेकिन वो भारत-पाकिस्तान जंग 1972 में पूर्वी पाकिस्तान पर गिराए थे न कि मिजोरम पर।
अमित मालवीय व सचिन पायलट के बीच राजेश पायलट को लेकर ट्वीट-रीट्वीट के सिलसिले में 16 अगस्त को सीएम अशोक गहलोत ने भी एंट्री ली। गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'कांग्रेस नेता राजेश पायलट भारतीय वायुसेना के वीर पायलट थे। उनका अपमान करके भाजपा भारतीय वायुसेना के बलिदान का अपमान कर रही है। इसकी पूरे देश को निंदा करनी चाहिए'












Click it and Unblock the Notifications