राजस्थान: भरतपुर कोतवाली के दो हेड कांस्टेबल रिश्वत लेते पकड़े गए
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में कोतवाली में तैनात दो पुलिस कर्मियों को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने 2000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है, जिनमें दोनों हेड कांस्टेबल है। आरोपी हेड कॉन्स्टेबल प्रह्लाद सिंह और सत्यवीर सिंह थाने में बंद एक आरोपी को कोर्ट में पेश करने की एवज में उसके पिता से रिश्वत की मांग कर रहे थे।

एसीबी के एएसपी महेश चंद मीणा ने बताया कि शिकायतकर्ता बशीर खान के बेटे को बीती शाम किसी के साथ हुए झगड़े के बाद पुलिस ने शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया था।आज उसे कोर्ट में पेश करना था, लेकिन कोतवाली पर तैनात दोनों हेड कांस्टेबल कोर्ट में पेश करने की एवज में दो हजार रुपए की मांग कर रहे थे।
शिकायतकर्ता बशीर खान ने एसीबी कार्यालय में जाकर कोतवाली पर तैनात दोनों हेड कॉन्स्टेबलों के खिलाफ रिश्वत देने के लिए दबाव देने की शिकायत दर्ज कराई। जिस पर एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कराया और आज दोनों हेड कॉन्स्टेबलों को उस समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया जब वे शिकायतकर्ता से कोतवाली में 2000 रुपए की रिश्वत ले रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications