बहू ने प्रेमी से सांप मंगवाकर सास पर छोड़ा, जानिए खौफनाक मर्डर व नाजायज संबंधों की पूरी कहानी
झुंझुनूं 7 अक्टूबर। राजस्थान में शादी के बाद भी किसी और से इश्क लड़ा रही बहू ने अपनी सास पर सांप छोड़ दिया। सांप के डसने से सास की मौत हो गई। दो साल पुराना यह मामला अचानक एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है। वजह यह है कि सुप्रीम कोर्ट ने प्रकरण में आरोपियों को जमानत देने से इनकार करते हुए टिप्पणी की है कि 'जहरीले सांप का इस्तेमाल एक 'हथियार' के रूप में करना भयावह अपराध है'

झुंझुनूं के गांव सागवा में बहू से सास पर छोड़ा सांप
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार मामले में सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश एनवी रमन, जस्टिस सूर्य कांत एवं जस्टिस हिमा कोहली की पीठ ने सास पर बहू द्वारा सांप छोड़ने के मामले की बुधवार को सुनवाई की है। मामला 2 जून 2019 का राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बुहाना पुलिस थाना इलाके के गांव सागवा का है। सागवा में बहू अल्पना जांगिड़ ने अपनी सास सुबोध देवी को सांप डसवा दिया था, जिससे सुबोध देवी की मौत हो गई थी। फिर अल्पना ने अपने ससुर को फोन करके जानकारी दी थी कि सास को सांप ने काट लिया।

सुमन अस्पताल में लेकर गए थे सुबोध देवी को
उस वक्त परिजन सुबोध देवी को सांप के काटने पर झुंझुनूं जिला मुख्यालय स्थित सुमन अस्पताल लेकर आए थे। यहां चिकित्सकों ने सुबोध देवी को मृत घोषित कर दिया था। शुरुआत में तो सुबोध देवी के परिजन यहीं मानते रहे कि उसकी मौत सर्पदंश से हुई है। बुहाना पुलिस थाने के एचएम सुरेंद्र भारद्वाज के अनुसार 23 जुलाई 2019 को सागवा निवासी राजेश कुमार जांगिड़ ने रिपोर्ट देकर बताया कि महीनेभर पहले उसकी पत्नी सुबोध देवी की की हत्या की आशंका जताई।

जयपुर की रहने वाली है बहू अल्पना जांगिड़
इस पर बुहाना पुलिस ने पूरे मामले की नए सिरे से तफ्तीश की तो पता चला कि राजेश कुमार के बेटे फौजी सचिन की शादी 12 दिसम्बर 2018 को हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के दुखेरा व हाल जयपुर निवासी अरविंद कुमार की बेटी अल्पना से हुई थी। शादी के बाद ड्यूटी पर सचिन कुमार आसाम और राजेश कुमार डीएससी कानपुर चले गए। घर पर सास सुबोध देवी व बहू अल्पना ही थीं। बहू अल्पना के जयपुर निवासी मनीष मीणा नाम के लड़के से प्रेम संबंध थे।

मनीष से बात करते सास सुबोध देवी ने देख लिया था
शादी के बाद भी अल्पना व मनीष मीणा के बीच फोन पर बातचीत होती थी। कई बार अल्पना को फोन पर मनीष से बात करते सास सुबोध देवी ने देख लिया था और वह अक्सर अल्पना से कहती थी कि बेटा सचिन घर आएगा तो वह उसे उसकी पूरी प्रेम कहानी के बारे में बता देगी। फिर पता चला कि सचिन अवकाश लेकर 3 जून 2019 को आसाम से घर आने वाला है। अपनी प्रेम कहानी का खुलाासा होने के डर से अल्पना ने मनीष व मनीष के दोस्त कृष्ण के साथ मिलकर सुबोध देवी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

सुबोध देवी को नींद की गोली मिला हुआ जूस पिलाया
योजना के मुताबिक दो जून 2019 की रात को अल्पना ने अपनी सास सुबोध देवी को नींद की गोली मिला हुआ जूस पिलाया। उधर, प्रेमी मनीष मीणा व उसका दोस्त कृष्ण जयपुर से झोले में सांप लेकर अल्पना के ससुराल पहुंचे। रात को सास के सो जाने पर अल्पना और मनीष ने सुबोध के पैर पर सांप से कटवाया ताकि सबसे लगे की सुबोध देवी की मौत सांप के काटने से हुई है।

मनीष मीणा व कृष्ण वहां से चले गए
फिर सांप को वहीं छोड़कर मनीष मीणा व कृष्ण वहां से चले गए। रात करीब सवा दो बजे अल्पना ने कानपुर में कार्यरत ससुर राजेश कुमार को फोन कर सूचना दी कि सास को सांप ने काट लिया। इस पर राजेश अपने चचेरे भाई भूपसिंह व अन्य परिजनों को अपने घर भेजा। भूप सिंह व अन्य परिजन राजेश कुमार के घर पहुंचे तो कमरे के बाहर उन्हें सांप भी मिल गया, जिससे मार दिया और सुबोध देवी को झुंझुनूं के सुमन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने सुबोध को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने सर्पदंश से मौत मानकर उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया।

सुबोध देवी की छोटी बहन सुनिता को उसके पास छोड़ दिया
सास की मौत के बाद अल्पना घर पर अकेली महिला रह गई थी। इसलिए सुबोध देवी की छोटी बहन सुनिता को उसके पास छोड़ दिया। अब तक किसी को अल्पना पर शक नहीं था। क्योंकि अल्पना के प्रेम संबंधों के बारे में सिर्फ सास सुबोध देवी ही जानती थी, जिसे उसने रास्ते से हटा दिया। 18 जुलाई 2019 को अल्पना छुपकर अपने प्रेमी मनीष से बात कर रही थी, जिससे उसने कहा कि दो जून को घर में घुसते वक्त उसे किसी ने देखा तो नहीं। यह बात सुनीता ने सुन ली। इसी बातचीत से पूरी कहानी को नया मोड़ मिल गया। पुलिस को भी जांच की एक नई दिशा मिल गई थी।

सख्ती बरतने पर सच उगल दिया
बुहाना पुलिस ने शक के आधार पर अल्पना की कॉल डिटेल खंगाली तो हैरान रह गई। पता चला कि दो जून 2019 को अल्पना की अपने प्रेमी मनीष मीणा से 124 और उसके दोस्त कृष्ण से 19 बार बात हुई थी। इसी आधार पर अल्पना, मनीष व कृष्ण को पकड़कर पूछताछ की गई तो शुरुआत में वे पुलिस को गुमराह किया, मगर फिर सख्ती बरतने पर सच उगल दिया। सांप को उन्होंने सपेरे से खरीदा था।












Click it and Unblock the Notifications