अनामिका मीणा व अंजलि मीणा : 2 सगी बहनें IAS बनने के बाद पहली बार घर पहुंचीं तो DJ पर नाचा पूरा गांव
दौसा। बेटियों की कामयाबी पर खुशी क्या होती है? इसकी एक बानगी राजस्थान के दौसा जिले की सिकराय उपखंड के गांव खेड़ी रामला में उस वक्त देखने को मिली जब दो सगी बहनें एक साथ आईएएस बनकर पहली बार घर पहुंची तो ग्रामीणों ने उनके स्वागत सत्कार में पलक पावड़े बिछा दिए और डीजे पर पूरा गांव जमकर नाचा।
Recommended Video

चेन्नई से गांव खेड़ी रामला आईं आईएएस बेटियां
दरअसल, दौसा जिले के गांव खेड़ी रामला के रमेश चंद्र मीणा की बेटी अनामिका मीणा और अंजलि मीणा ने सिविल सेवा परीक्षा में कामयाबी हासिल की। अनामिका मीणा ने 116 व अंजलि मीणा 494 रैंक के साथ यूपीएससी परीक्षा क्रैक की। वर्तमान में ये अपने पिता के साथ चेन्नई में रहती हैं।

अनामिका मीणा व अंजलि मीणा आईएएस
आईएएस बनने के बाद हाल ही अनामिका मीणा व अंजलि मीणा अपने पिता के साथ अपने गांव खेड़ी रामला आई। बेटियों के यूपीएससी में सफलता हासिल करने के बाद पहली बार गांव पहुंचने की खबर जैसे ही लोगों को लगी तो वे सुबह उनके स्वागत में एनएच 21 पर पहुंच गए।

हाईवे पर ही पहुंच गए ग्रामीण
ग्रामीणों व इनके परिजनों ने एनएच 21 पर ही दोनों बेटियों का जोरदार स्वागत किया। इन्हें फूलों व नोटों के मालाएं पहनाई। फिर यहां से घर तक जुलूस के रूप में लेकर आए। जुलूस गांव के मुख्य रास्तों से होता हुआ इनके घर पहुंचा। इस दौरान ग्रामीणों डीजे पर जमकर नाचे।

फोटो खिंचवाने की मची होड़
आईएएस बनकर गांव आने वाली इन बेटियों को ग्रामीणों ने साफा भी पहनाया और तिलक लगाकर सत्कार किया। युवाओं में इनके साथ फोटो खिंचवाने की होड़ देखी गई और डीजे पर बच्चों से लेकर बुजुर्गों व महिलाएं भी नाचीं।

घर-घर जाकर लिया आशीर्वाद
दोनों आईएएस बहनों अनामिका व अंजलि ने गांव के प्रत्येक घर में जाकर बड़े बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। वहीं, महिलाओं ने इन बेटियों के स्वागत में लोकगीत गाए। ग्रामीणों ने कहा कि दोनों बहनों ने पूरा गांव का नाम रोशन किया है।

पिता भी हैं आईएएस
बता दें कि अनामिका मीणा व अंजलि मीणा अपने परिवार में दूसरी व तीसरी आईएएस हैं। इनके पिता रमेश चंद्र मीणा तमिलनाडु कैडर के आईएएस हैं, जो इन दिनों तमिलनाडु खेल मंत्रालय में प्रिंसिपल सेक्रेटरी हैं। पिता की पोस्टिंग तमिलनाडु में होने के कारण दोनों का बचपन वहीं पर बीता।












Click it and Unblock the Notifications