चलती ट्रेन में हार्ट अटैक से युवक की मौत, खजुराहो एक्सप्रेस के टॉयलेट का दरवाजा तोड़कर निकाला शव
ग्वालियर से उदयपुर के बीच दौड़ रही खजुराहो एक्सप्रेस में हार्ट अटैक की वजह से राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के सेंथी निवासी 22 वर्षीय अक्षय त्रिवेदी की मौत हो गई। वह अगले माह MBBS करने सर्बिया जाने वाला था।
Akshay Trivedi Death in Train: राजस्थान-मध्य प्रदेश के बीच दौड़ रही खजुराहो एक्सप्रेस ट्रेन में युवक की मौत का मामला सामने आया है। मौत की वजह हार्ट अटैक बताया जा रहा है। युवक का शव ट्रेन के टॉयलेट में था। जिसका दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला जा सका।

चलती ट्रेन में जान गंवाने वाले युवक की शिनाख्त राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के सेंथी निवासी 22 वर्षीय अक्षय त्रिवेदी के रूप में हुई है। अक्षय अगले माह MBBS की पढ़ाई करने सर्बिया जाने वाला था।
मीडिया से बातचीत में हेड कांस्टेबल सांवर सिंह ने बताया कि अक्षय त्रिवेदी ने परिवार के साथ रामेश्वर धार्मिक आयोजन में गया था। वापसी में वह ग्वालियर-उदयपुर एक्सप्रेस (खजुराहो एक्सप्रेस) से चित्तौड़गढ़ लौट रहा था।
सोमवार सुबह ट्रेन चित्तौड़गढ़ पहुंचने से आधा घंटे पहले गंगरार के पास अक्षय टॉयलेट के लिए ट्रेन के टॉयलेट में गया था। वह काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजन उसे चेक करने के लिए गए। टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद था।
परिजनों ने अनहोनी की आशंका को लेकर जीआरपी को सूचना दी। जीआरपी ने ट्रेन के टॉयलेट का दरवाजा तोड़कर देखा तो अंदर अक्षय अचेत पड़ा था। उसे तुरंत जिला हॉस्पिटल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की शुरआती वजह हार्ट अटैक बताया जा रहा है। अक्षय की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अक्षय और उसका परिवार 30 लोगों के ग्रुप में रामेश्वरम की यात्रा पर गया था। चार दिन पहले अक्षय के पिता नवीन त्रिवेदी चित्तौड़गढ़ में फोटोग्राफी का काम करते हैं। उन्होंने ग्रुप की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। अक्षय एमबीबीएस करके डॉक्टर बनने वाला था। उसका सर्बिया के एक विश्वविद्यालय में चयन हो गया था, जहां से वह एमबीबीएस की पढ़ाई करने जाने वाला था।












Click it and Unblock the Notifications