हाथ में सांप लेकर अस्पताल पहुंची महिला बोली-'मुझे इसने काट लिया, इलाज कर दो...' मरीज रह गए दंग
बूंदी। राजस्थान के बूंदी जिले में एक महिला ने सर्पदंश के बाद ऐसी बहादुरी दिखाई कि उसे समय पर उपचार मिलने पर जान बच गई। सांप के काट लेने के बाद उसे पकड़कर वह अस्पताल पहुंच गई और चिकित्सकों से बोली कि इस सांप ने मुझे काट लिया मेरा इलाज कर दो। महिला के हाथ सांप देख न केवल चिकित्सक हैरान रह गए बल्कि रास्ते में जिसने भी यह नजारा देखा वह दंग रह गया।
जानकारी के अनुसार बूंदी जिले के रघुनाथपुरा का गांव बरड़ा निवासी 50 वर्षीय मनी बाई अपने बेटे सोनू मीणा के साथ गुरुवार सुबह करीब दस बजे खेत में काम करने जा रही थी। रास्ते में अचानक एक सांप ने उसके पैर को डस लिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी मगर वह घबराई नहीं और हिम्मत से काम लिया। सर्पदंश के बाद मां-बेटे ने सांप को पकड़ने का प्रयास किया तो वह कुछ दूर जाकर पत्थरों के बीच छुप गया।
अनूठा मामला : थानाधिकारी एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए नहीं बल्कि परिवादी को देते हुए पकड़ा गया
मां-बेटे ने पत्थरों को हटाकर सांप को पकड़ लिया और फिर उसे कांच की एक बरनी में डालकर तालेड़ा के अस्पताल पहुंचे। महिला ने चिकित्सकों को बरनी में रखा सांप दिखाते हुए जल्द उपचार शुरू करने को कहा। इसके बाद वह अचेत हो गई। तालेड़ा अस्पताल के चिकित्सक डॉ. बीएम मालव के अनुसार महिला सांप के साथ अस्पताल आई थी। उसे सर्पदंश हुआ था। महिला को तुरंत भर्ती कर उसका उपचार शुरू किया, जिससे उसकी जान बच पाई है।