Rajasthan News: कोटड़ी भट्टी कांड के बाद करौली में पेट्रोल कांड ! नाबालिग मूक-बधिर को जलाया जिंदा
Rajasthan News: राजस्थान में कोटड़ी का भट्टी कांड अभी शांत भी नहीं हुआ कि उससे पहले ही करौली में पेट्रोल कांड सामने आया है। जहां एक नाबालिक मूकबधिर को दरिंदों ने पेट्रोल डाल जिंदा जला दिया।
करौली ज़िले में साठ फीसदी झुलसी एक नाबालिग मूक-बधिर की ग्यारह दिन इलाज के बाद रविवार को अस्पताल में मौत हो गई।पुलिस के मुताबिक मृतका ने अस्पताल में मूक-बधिर एक्सपर्ट की मौजूदगी में अपना बयान दिया था। बयान में नाबालिग ने आरोप लगाया था कि उसे पेट्रोल डालकर जलाया गया है।

पुलिस के मुताबिक फोन में एक दर्जन से ज्यादा तस्वीरें दिखाने के बाद नाबालिग ने ऐसा करने वाले को पहचाना था, जो उसके पड़ोस में ही रहता है। नई मंडी थाना प्रभारी राम अवतार यादव ने कहा कि 9 मई को मूक बधिर नाबालिग, घर से करीब सौ मीटर दूरी पर एक खेत में झुलसी हालत में परिजनों को मिली थी।
पुलिस ने बताया कि एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए हैं और शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाया गया है। अभियुक्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मृतक नाबालिग के पिता ने कहा कि मेरी बच्ची को मारने वालों को गिरफ्तार कर फांसी दी जानी चाहिए. पुलिस ने अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं की है, जबकि बच्ची ने तस्वीर देख कर पुलिस की मौजूदगी में एक आरोपी की पहचान की है। पिता ने पुलिस पर जबरन अंतिम संस्कार का दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं. उन्होंने करौली ज़िला पुलिस अधीक्षक को भी पत्र लिखा है।
राजस्थान के करौली में टोडाभीम उपखंड क्षेत्र के ग्राम दादनपुर निवासी एक मूक बधिर बालिका अपने परिजनों के साथ हिंडौन सिटी में मंडावरा फाटक के पास स्थित मोती नगर में एक किराए के मकान में रहती थी। जिसको 11 मई 2024 को अज्ञात बदमाश व्यक्तियों ने आग लगाकर जिंदा जला दिया और जली हुई अवस्था में घर से दूर छोड़कर चले गए।
जली हुई अवस्था में बालिका को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उपचार के दौरान बालिका ने दम तोड़ दिया। उक्त घटना को लेकर बालिका के पिता द्वारा हिंडौन सिटी के नई मंडी पुलिस थाने में 11 मई 2024 को एक मामला दर्ज करवाया गया।
रिपोर्ट के माध्यम से मृतका के पिता ने बताया कि 11 मई 2024 को अज्ञात बदमाश व्यक्तियों ने उसकी पुत्री को आग लगाकर जिंदा जला दिया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के दौरान बदमाश व्यक्तियों ने मृतका के प्राइवेट पार्ट्स को भी बुरी तरह से जला दिया।
लेकिन पुलिस द्वारा उसके द्वारा लिखी गई रिपोर्ट को दर्ज नहीं किया गया। बल्कि उनके द्वारा ही रिपोर्ट दर्ज की गई। उक्त घटना से उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म होने का पूर्ण अंदेशा है। उक्त प्रकरण को नई मंडी पुलिस थाने में दर्ज हुए 11 दिवस हो चुके हैं। परंतु पुलिस ने आज तक दोषी व्यक्तियों को गिरफ्तार नहीं किया है और ना ही उनके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्यवाही की गई है। उपचार के दौरान उसकी पुत्री ने दोषी व्यक्तियों की फोटो के जरिए पहचान की है।
उसके बावजूद भी पुलिस ने आज तक किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया है। उसने बताया कि इस दौरान उसकी पुत्री के बयान भी हुए हैं, जो कि एक्सपर्ट टीम बधिर सहायता के द्वारा करवाए गए हैं। उक्त प्रकरण में नई मंडी पुलिस थाना के द्वारा पूर्णरूपेण उदासीनता बरती गई है।
उक्त सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए मृतका के पिता ने दर्जनों ग्रामीणों की मौजूदगी में एसडीएम सुनीता मीणा एवं पुलिस उपाधीक्षक मुरारीलाल मीना को ज्ञापन सौंपकर उक्त प्रकरण की गहनता से जांच करवाकर दोषी व्यक्तियों को शीघ्र गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने के बाद मृतका का दाह संस्कार किया गया।












Click it and Unblock the Notifications