राजस्थान बाघ हमला : चारपाई पर बैठे युवक को उठा ले गया टाइगर, तड़पा-तड़पाकर ली जान, VIDEO
करौली। राजस्थान के करौली जिले में टाइगर ने एक युवक की जान ले ली। 26 वर्षीय यह युवक चारपाई पर सो रहा था। इसी दौरान टाइगर ने हमला किया और युवक की गर्दन दबोचकर उसे खेतों में ले गया, जहां परिजनों को युवक मृत मिला। बता दें कि करौली जिले के सपोटरा की कालागुड़ा ग्राम पंचायत के सिमिर बाग गांव में कैलादेवी व रणथंभोर वन्यजीव अभ्यारण्य विभाग की उदासीनता के कारण पिछले पांच से टाइगर टी-104 आबादी क्षेत्र में विचरण कर रहा है।

सुबह सवा आठ बजे किया था हमला
ग्रामीण राजेन्द्र सिंह आदि ने बताया कि पिंटू पुत्र रामसहाय माली सिमिर के आरामपुरा स्थित अपने घर पर चारपाई पर बैठा। सुबह करीब 8:15 बजे टाइगर टी-104 ने अचानक हमला कर दिया और पिंटू के पीछे से सिर व गर्दन को दबोच लिया। फिर उसे घसीटते हुए रतालू के खेत में ले गया।

मां ने दरांती से किया हमला
टाइगर पिंटू को लेकर जा रहा था। तब उसकी मां ने देख लिया। उसने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान की परवाह किए बगैर बेटे को बचाने के लिए टाइगर से भिड़ गई। टाइगर पर उसने दरांती फेंककर मारी, मगर टाइगर ने पिंटू को नहीं छोड़ा। मां का बस नहीं चला तो वह जोर-जोर शोर मचाने लगी।

ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई तब तक हो गई मौत
उसकी आवाज सुनकर आरामपुरा टीले के कमल, जीतराम माली, भंवर सिंह, जतीराम समेत कई लोग वहां पहुंचे। तब तक टाइगर पिंटू को छोड़कर बाजरे के खेत में दुबक गया था। टाइगर के इर्दगिर्द छिपा होने के बावजूद ग्रामीण प्रहलाद, हेमराज, गोपाल आदि ने हौसला दिखाते हुए पिंटू को उठाकर आरामपुरा के टीले पर ले आए, मगर तब उसकी मौत हो चुकी थी।

एसीएफ के सामने जताया आक्रोश
घटना की सूचना मिलने पर करौली वन विभाग के एसीएफ, जिला प्रमुख अभय कुमार व एडीएम सुरेश कुमार ने भी मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका घेराव करते हुए आक्रोश जताया। जिला प्रमुख व एडीएम ने समझाइश कर मामला शांत करवाया। पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हाड़ौती में पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।












Click it and Unblock the Notifications