भारत के इस शहर में रखी है 2340 साल पुरानी ममी, मिस्र से लोग आते हैं देखने
नई दिल्ली। क्या आपको पता है कि मिस्र के पिरामिड ही नहीं बल्कि आपके देश में भी हजारों साल पुरानी ममी रखी हुई है? जी हां, जयपुर के अल्बर्ट म्यूजियम में 2340 साल पुरानी एक महिला की ममी रखी हुई है। ये ममी आज भी बिल्कुल सुरक्षित है। इसकी पुष्टि मंगलवार को राजस्थान सरकार के बुलावे पर मिस्र से आए ममी विशेषज्ञ की टीम ने की। लेकिन ये ममी किस महिला की है? और ये जयपुर कैसे आई? आइए जानते हैं..
दरअसल ये ममी मिस्र की ही एक महिला की है। अल्बर्ट म्यूजिम से मिली जानकारी के मुताबिक ये ममी मिस्र के पुराने नगर, पैनोपोलिस से खुदाई के दौरान मिला था। ये ममी जिस महिला का है उसका नाम तूतू है। बताया जाता है कि मिस्र में उस समय खेम नाम के एक देवता की पूजा की जाती थी। ये महिला उसी देवता के उपासक पुरोहितों के परिवार की सदस्या थी।
अल्बर्ट म्यूजियम के एक अधिकारी ने बताया कि ये ममी 2340 साल पुरानी है। इस ममी को साल 1880 में ब्रिटिश सरकार मिस्र से भारत लेकर आई थी। उसके बाद से ही इसे जयपुर के अल्बर्ट म्यूजियम में संभाल कर रखा गया है। इस ममी को देखने हर साल इस म्यूजियम में सैकड़ों की संख्या में सैलानी घूमने आते हैं जिनमें विदेशी सैलानी भी अच्छी खासी संख्या में होते हैं।
राजस्थान सरकार इस ममी की देखरेख के लिए नियमित अतंराल पर मिस्र से विशेषज्ञों की टीम बुलाती रहती है। इस बार आई मिस्र से तीन सदस्यों की टीम ने म्यूजियम की रसायन शाखा की टीम के साथ लगभग ढाई घंटे तक इस ममी की जांच की। इस ममी की देखरेख मिस्र के पिरामिड की देखरेख करने वाले विशेषज्ञों के निर्देश के अनुसार ही होता है। आज भी ममी के नीचे ये देह उसी तरह दिखती है जैसे इस महिला की मौत अभी कुछ ही देर पहले हुई हो।