Rajasthan: महिला कांस्टेबल के तोते को ढूंढकर लाने वाले को मिलेगा 10 हजार रुपए ईनाम
परिदों से बेपनाह मोहब्बत का अनूठा मामला राजस्थान के सीकर जिले में सामने आया है। यहां पर राजस्थान पुलिस की एक महिला कांस्टेबल का पालतू तोता लापता हो गया, जिसको ढूंढकर लाने वाले के लिए कांस्टेबल ने 10 हजार रुपए का ईनाम रखा है।
जानकारी के अनुसार सीकर के तोदी नगर में रहने वाली गायत्री चौधरी राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल है। वर्तमान में वह जयपुर में पोस्टेड है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गायत्री चौधरी ने बताया कि तीन साल पहले उनका परिवार एक तोता लेकर आया है, जिसका नाम 'बिट्टू' रखा था। वह तोता उनके परिवार में घुल-मिल गया था। बच्चे निक्की और लकी उससे काफी लाड़-प्यार करते थे।

हाल ही गायत्री अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी गई हुई थी। तोते के देखभाल की जिम्मेदारी उन्होंने पड़ोसियों को दी थी, मगर वैष्णो देवी भ्रमण से लौटने के बाद देखा कि तोते का पिंजरा खाली पड़ा था। पड़ोसियों ने जवाब दिया कि उनका तोता इतना समझदार था कि खुद ही उड़ गया।
गायत्री व उसके बच्चों ने तोते को तोदी नगर में खूब तलाशा, मगर उसका कोई सुराग नहीं लगा। गायत्री देवी के अनुसार उनका तोता बिट्टू करीब 100 के लगभग शब्द भी जानता था, जिनमें से मुख्य रूप से मम्मी, मिट्ठू, बेटी, बिट्टू, छोटी बेटी समेत कई शब्द सीख लिए थे।
मीडिया से बातचीत में गायत्री चौधरी कहती हैं कि उनके दोनों बच्चे पालतू तोता घर पर ना पाकर काफी उदास हैं। बच्चों ने खाना-पीना छोड़ रखा है। वे तोते के वापस चाहते हैं। इतना ही नही, बच्चों ने भी सोशल मीडिया के जरिए लोगों से तोता खोजने की मदद मांगी है और और मिलने पर उसे वापस करने की गुहार लगाई है। खुद गायत्री देवी ने तोता ढूंढकर लाने वाले को 10 हजार रुपए का ईनाम देने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications