लॉकडाउन में लव मैरिज करने वाली दुल्हन को कमरे में इस हाल में देख उड़े सबके होश
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में दस दिन पहले ही लॉकडाउन में एक युवती के हाथ पीले हुए थे। अभी हाथ से मेंहदी का रंग भी नहीं उतरा था कि शुक्रवार को उसका शव घर के पिछले कमरे में फांसी पर लटकता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार घटना जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के डिडौली गांव की है, जहां शुक्रवार को दस दिन पूर्व जिस घर में महिला दुल्हन बनकर आई थी, आज उसी घर के अंदर कमरे में जब फांसी के फंदे पर विवाहिता का झूलता हुआ शव मिला।
24 मई को हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, 24 मई को हरचंदपुर थाना क्षेत्र की घोंसरी गांव निवासी स्वाति सिंह की शादी इसी थाना क्षेत्र के डिडौली गांव निवासी धीरज सिंह के साथ हुई थी। पिछले कई सालों से दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बीती 24 मई को दोनों परिवार की सहमति से शादी कर दी गई थी। शादी के अभी 10 दिन भी नहीं बीते थे कि स्वाति सिंह का शव उनके ही ससुराल के पिछले कमरे फांसी के फंदे पर लटका मिला।
ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि लड़की पक्ष बहुत ही गरीब है। शादी के बाद से ही लड़की को प्रताड़ित किया जा रहा था। शुक्रवार सुबह करीबन 10 बजे मृतका के पति ने फोन कर उन्हें घटना की पूरी जानकारी दी। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
बाराबंकी: आर्थिक तंगी के चलते एक परिवार के पांच लोगों ने किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस