Lok Sabha Election 2024: बीजेपी में शामिल हुए मनोज पांडेय, सपा के एक्शन लेते ही हो सकती है कार्रवाई
Lok Sabha Election 2024: रायबरेली जनपद के ऊंचाहार विधानसभा सीट से तीन बार के विधायक मनोज पांडेय ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। हालांकि मनोज पांडेय समाजवादी पार्टी के टिकट पर ऊंचाहार सीट से विधायक चुने गए थे।
ऐसे में कहा जा रहा है कि समाजवादी पार्टी द्वारा दल बदल विरोधी कानून के तहत उनके खिलाफ यदि कार्रवाई करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष को लिखा जाता है तो उनकी सदस्यता रद्द हो सकती है। वहीं अंदरखाने में यह भी चर्चा है कि इस मामले में समाजवादी पार्टी द्वारा उनके खिलाफ शिकायत की जा सकती है।

एमएलसी चुनाव में ही बढ़ी थी दूरियां: दरअसल, समाजवादी पार्टी के विधायक मनोज पांडेय एमएलसी चुनाव के समय समाजवादी पार्टी से किनारा कर लिए थे। हालांकि उन्होंने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया था। इसके पहले भी जब स्वामी प्रसाद मौर्य (जब समाजवादी पार्टी में थे) सनातन धर्म को लेकर बयान बाजी करते थे तो मनोज पांडेय उनका विरोध करते थे।
कई बार मनोज पांडेय ने मीडिया के सामने भी खुलकर अपने ही पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ बयान दिया था। लेकिन एमएलसी चुनाव में उन्होंने स्पष्ट रूप से समाजवादी पार्टी से बगावत कर ली। इधर स्वामी प्रसाद मौर्य ने भी समाजवादी पार्टी को छोड़ दिया।
समाजवादी पार्टी से दूरी बनाने के बाद मनोज पांडे भारतीय जनता पार्टी का अंदरुनी रूप से प्रचार प्रसार कर रहे थे। लेकिन ब्राह्मण वोटरों पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में उन्हें भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।
समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि पार्टी से इस्तीफा दिए बगैर भाजपा की सदस्यता ली गई है। मामले में सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी द्वारा मीडिया को बताया गया कि उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए पार्टी कदम उठाएगी।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर समाजवादी पार्टी दल-बदल कानून के तहत मनोज पांडे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराती है तो मनोज पांडे की सदस्यता रद्द हो सकती है। फिलहाल, रायबरेली लोकसभा सीट पर वोटिंग से ठीक पहले मनोज पांडे का बीजेपी में शामिल होना बीजेपी का बड़ा दांव माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications