सीएम योगी का कांग्रेस पर बड़ा हमला, 'प्रियंका गांधी बताएं क्वात्रोची से क्या है संबंध?
Raebareli news, रायबरेली। यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ पांच दिन में दूसरी बार बीजेपी प्रत्याशी दिनेश सिंह के समर्थन में वोट मांगने पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस परिवार रायबरेली को अपनी बपौती मानता है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि क्वात्रोची से इनका क्या संबंध है? प्रियंका को विदेश घूमने से फुर्सत नहीं, केवल चुनाव में आती हैं। योगी ने कहा कि हमारे रामलला को विवादित क्यों कहा? इससे बड़ा अपमान और गाली क्या हो सकती है।
चुनाव में नौटंकी करते हैं राहुल गांधी
जनता को संबोधित करते हुए सीएम ने जनता से सवाल किया कि राहुल कभी किसी की विपत्ति में कहीं गए? लोगों ने कहा- नहीं गए। चुनाव में नौटंकी करते हैं, घर-घर जाकर भावनात्मक संबंध बनाते है। उसके बाद पांच वर्ष दिखाई नहीं देते। वो आपको नहीं पहचानते तो आप क्यों पहचानते हैं चुनाव में।
ये भी पढ़ें: रायबरेली लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज
मसूद अजहर पर बोले योगी
योगी आदित्यनाथ ने आतंकी मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित होने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को दिया। उन्होंने कहा कि आपने कल सुना होगा कि भारत का मोस्ट वांटेड अजहर मसूद को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित किया गया है, उसकी संपत्ति जब्त होगी यह मोदी की ही देन है।
11 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला
योगी ने कहा, हम विकास और सुशासन के नाम पर योजनाएं लागू करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस के लोगों ने जनता को धोखा दिया है। 11 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है। रायबरेली के लोगों का हमने लघु व सीमांत किसानों का कर्ज माफ किया था। रायबरेली के 80 हजार किसानों का कर्ज माफ किया था। हमने चार हजार करोड़ में कुंभ कराया। कांग्रेस ने कामनवेल्थ गेम्स में 70 हजार करोड़ खर्च किए, लेकिन आयोजन होने के बाद भी काम पूरा नहीं हुआ। बाद में कई लोग घोटालों में जेल गए।