परनीत कौर के समर्थन में पटियाला पहुंचे CM धामी, कहा- कांग्रेस के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने देंगे PM मोदी
Lok Sabha Election 2024: पटियाला से भाजपा प्रत्याशी परनीत कौर के समर्थन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार 26 मई को पंजाब के जीरकपुर पहुंचे। यहां जीरकपुर के डेरा बस्सी में सीएम धामी ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया। साथ ही, कहा कि प्रधानमंत्री जी कांग्रेस के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने देंगे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच से जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब पीएम नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। पटियाला लोकसभा क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए हमें सुनिश्चित करना है कि एक-एक वोट कमल के बटन को देना है।

कहा कि आपके एक-एक वोट से देश का भविष्य बनने वाला है और पंजाब समेत पूरे देश में समृद्धि आएगी। आज प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में बड़े-बड़े एक्सप्रेसवे, एम्स, आईआईएम जैसे शैक्षणिक संस्थान बने हैं। उन्होंने कहा कि आज हर राज्य के अंदर जो काम कभी नहीं हुए वो काम प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हो रहे हैं।
आज भारत इनोवेशन का हब बन रहा है। आज हमारी अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। पहले रक्षा उपकरण के लिए हम दूसरे देश पर निर्भर थे, लेकिन आज हम खुद उपकरण बना रहे हैं। सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी की योजनाएं प्रत्येक वर्ग के लिए है। गरीब कल्याण, लखपति दीदी योजना, ड्रोन दीदी योजना जैसी कई योजनाओं ने लोगों के जीवन को आसान बनाया है।
मंच से बोलते हुए सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी ने संस्कृति के संरक्षण का काम किया है। दशमेश गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती संपूर्ण विश्व में भव्यता के साथ मनाई गई। करतारपुर साहिब जी के दर्शन प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में ही मुमकिन हो पाए हैं। आज पूरे देश और विश्व में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने पूरी दुनिया को गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों के इतिहास से रू-ब-रू करवाया। उत्तराखंड विकास के पथ पर तेजी से बढ़े, इसके लिए हमारी सरकार पीएम मोदी के नेतृत्व में दिन-रात काम कर रही है। उत्तराखंड से निकली यूसीसी की गंगोत्री पूरे देश को लाभान्वित करेगी।
इस दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए अन्य पिछड़े वर्ग का आरक्षण एक विशेष वर्ग को दे दिया। कोलकाता में भी ऐसा ही तुष्टीकरण का खेल खेला गया। तो वहीं, विपक्ष भ्रम फैलाता है कि प्रधानमंत्री जी संविधान बदल देंगे जबकि, कांग्रेस ने ही संविधान से खिलवाड़ और छेड़छाड़ का काम किया है।
प्रधानमंत्री जी कांग्रेस के मंसूबे कभी पूरे नहीं होने देंगे। कह कि दिल्ली और पंजाब के लोग अपने आप को ठगा महसूस कर रहे हैं। इन राज्यों में बड़े-बड़े वादे कर सत्ता में आए लोगों के पास कोई विजन नहीं है। प्रधानमंत्री जी ने पंजाब के विकास के लिए कई योजनाएं दी हैं। जिसमें बड़े-बड़े ओवर ब्रिज और एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं ।












Click it and Unblock the Notifications