पंजाब में दो आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद, 13 लोग गिरफ्तार
Punjab News: पंजाब पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में दो अलग-अलग खालिस्तानी आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो कथित तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के इशारे पर विदेश से संचालित किए जा रहे थे। इस ऑपरेशन में 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने शनिवार को जानकारी दी कि इन मॉड्यूलों के तार फ्रांस और ग्रीस में बैठे दो भगोड़े आतंकी संचालकों सतनाम सिंह उर्फ सत्ता और जसविंदर सिंह उर्फ मन्नू अगवान से जुड़े हैं। दोनों कथित तौर पर विदेश से नेटवर्क को निर्देश दे रहे थे।

भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG), एक लांचर, दो आईईडी (2.5 किलोग्राम प्रत्येक), दो डेटोनेटर युक्त ग्रेनेड, दो किलोग्राम RDX (रिमोट कंट्रोल सहित), पांच अत्याधुनिक पिस्तौल (बेरेटा व ग्लॉक), छह मैगजीन, 44 जिंदा कारतूस, एक वायरलेस सेट और तीन वाहन बरामद किए हैं।
DGP यादव ने कहा, 'इस ऑपरेशन से पंजाब में शांति और स्थिरता को नुकसान पहुंचाने की साजिश को विफल किया गया है। यह राज्य में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी नेटवर्क के लिए एक बड़ा झटका है।'
दो मोर्चों पर कार्रवाई
पहली कार्रवाई जालंधर की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट और बटाला पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस दौरान होशियारपुर और कपूरथला से चार आरोपियों जगरूप सिंह, जतिंदर सिंह उर्फ हनी, हरप्रीत सिंह और जगजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया।
सहायक पुलिस महानिरीक्षक नवजोत सिंह महल ने बताया कि प्रारंभिक जांच से स्पष्ट है कि ये सभी आरोपी सतनाम सत्ता के संपर्क में थे और उसी के निर्देशों पर गतिविधियां अंजाम दे रहे थे।
दूसरी कार्रवाई बटाला पुलिस द्वारा की गई, जिसमें एक सप्ताह तक चले गुप्त अभियान के बाद नौ और लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 17 वर्षीय एक किशोर के अलावा पवनप्रीत सिंह, बलबीर कुमार उर्फ वरुण, गोमजी उर्फ गोट्टा, गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, अजयपाल सिंह, राहुल उर्फ भैया, जोहानसन और जतिंदर शामिल हैं।
कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच जारी
पुलिस ने अमृतसर और बटाला के थानों में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच जारी है और निकट भविष्य में और गिरफ्तारियों की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications