पंजाब की SIR ड्राफ्ट से राघव चड्ढा का नाम गायब, AAP पर लगाया बदला लेने का आरोप, क्या है पूरा मामला?

Raghav Chadha Voter List Controversy: भाजपा के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नहीं मिलने से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। यह मामला चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR से जुड़ा है। चड्ढा ने दावा किया कि उनका वोटर पंजीकरण मोहाली में है, फिर भी ड्राफ्ट सूची में उनके नाम के सामने उन्हें 'स्थानांतरित' बताया गया है। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया।

हालांकि, आम आदमी पार्टी (AAP) ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची तैयार करने और नाम जोड़ने या हटाने का काम चुनाव आयोग करता है, पंजाब सरकार का इसमें कोई अधिकार नहीं है। इस मामले में अब दोनों पक्ष आमने-सामने हैं।

Raghav Chadha Voter List Controversy

राघव चड्ढा ने लगाए क्या आरोप?

राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने अब राजनीतिक बदले की राजनीति को वोटर लिस्ट तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा, "मैं पंजाब से मौजूदा राज्यसभा सांसद हूं और मेरा वोटर आईडी मोहाली, पंजाब में पंजीकृत है। इसके बावजूद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में मेरे नाम को 'शिफ्टेड' बताया गया है।" चड्ढा ने यह भी कहा कि फिलहाल यह अंतिम वोटर लिस्ट नहीं है। नाम में सुधार के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है और इसी के जरिए गलती सुधारी जा सकती है। उन्होंने बताया कि वह SIR के तहत उपलब्ध प्रक्रिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। अंतिम मतदाता सूची अक्टूबर 2026 में जारी होनी है।

ये भी पढ़ें:

'यह सिर्फ क्लर्क की गलती नहीं'

चड्ढा ने अपने नाम को 'शिफ्टेड' किए जाने को सामान्य गलती मानने से इनकार किया। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले का मामला बताया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "मेरा नाम किसने 'शिफ्टेड' किया? AAP की पंजाब सरकार के एक अधिकारी ने। उस वर्गीकरण की पुष्टि किसने की? फिर AAP की पंजाब सरकार के एक अधिकारी ने। इसे ऊपर किस स्तर पर भेजा गया? एक बार फिर उसी AAP सरकार के अधिकारी ने।" चड्ढा ने यह भी आरोप लगाया कि SIR से जुड़े अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव हो सकता है, क्योंकि उनकी पोस्टिंग और तबादले राज्य सरकार के नियंत्रण में होते हैं।

AAP ने आरोपों को किया खारिज

आम आदमी पार्टी ने राघव चड्ढा के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। पार्टी ने कहा कि चड्ढा अपने नाम के ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से गायब होने का ठीकरा अब AAP और पंजाब सरकार पर फोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। AAP ने आरोप लगाया कि एक राष्ट्रीय अंग्रेजी अखबार ने चड्ढा को दिल्ली में अपना वोटर पंजीकरण पिछली तारीख से कराने की कोशिश करते हुए पकड़ा है। पार्टी के मुताबिक, इसके बाद अब वह पूरे मामले की जिम्मेदारी AAP और पंजाब सरकार पर डाल रहे हैं।

AAP ने अपने बचाव में कहा कि SIR की पूरी प्रक्रिया चुनाव आयोग के तहत होती है। पार्टी ने साफ किया कि पंजाब सरकार यह तय नहीं करती कि किस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में रहेगा या किसका नाम हटाया जाएगा। पार्टी ने कहा, "SIR चुनाव आयोग कराता है, राज्य सरकार नहीं। इसलिए पंजाब सरकार की यह भूमिका नहीं है कि वह तय करे कि किसका नाम वोटर लिस्ट में शामिल किया जाए या हटाया जाए।"

दिल्ली में रहने का भी लगाया आरोप

आम आदमी पार्टी ने यह भी कहा कि सार्वजनिक रिकॉर्ड के मुताबिक राघव चड्ढा दिल्ली में रह रहे हैं, पंजाब में नहीं। पार्टी का सवाल है कि अगर वह अब पंजाब में नहीं रहते हैं, तो पंजाब में अपना वोटर पंजीकरण बनाए रखना या उसे दूसरी जगह स्थानांतरित करना उनकी अपनी जिम्मेदारी थी। AAP ने कहा कि इस स्थिति के लिए वह पंजाब सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते। पार्टी ने यह आरोप भी लगाया कि चड्ढा दिल्ली में अपना वोटर पंजीकरण पिछली तारीख से बहाल कराने की कोशिश कर रहे थे। AAP ने कहा कि अगर इस तरह की कोई प्रक्रिया हुई है तो इसकी जांच होनी चाहिए।

क्या है SIR?

राघव चड्ढा का मामला पंजाब में चल रही विशेष गहन मतदाता सूची जांच के बीच सामने आया है। फिलहाल ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी हो चुकी है और जिन लोगों के नाम इसमें नहीं हैं, उन्हें तय समय के भीतर अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के जरिए मतदाता अपने नाम को लेकर सुधार की मांग कर सकते हैं। इसके बाद चुनाव आयोग अंतिम मतदाता सूची जारी करेगा। पंजाब की अंतिम वोटर लिस्ट 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जानी है।

ये भी पढ़ें:

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+