सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की चार्जशीट तैयार, इसमें 15 आरोपी, लॉरेंस बिश्नोई मास्टरमाइंड
मानसा। पंजाबी सिंगर व कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में पुलिस द्वारा चार्जशीट बनाई गई है। चार्जशीट में कुल 15 आरोपियों के नाम हैं। इन आरोपियों में मूसेवाला को गोलियां मारने वाले शूटरों समेत गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और विष्णु भगवानपुरिया का नाम शामिल है। पता चला है कि, लॉरेंस बिश्नोई और विष्णु भगवानपुरिया को हत्या का मास्टरमाइंड बनाया गया है। वहीं, चार्जशीट में 40 से अधिक लोगों को गवाह भी बनाया गया है।

चार्जशीट में 15 आरोपी, बिश्नोई मास्टरमाइंड नामजद
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस की चार्जशीट में हत्यारे शूटरों, मास्टरमाइंड समेत उन लोगों के भी नाम हैं, जिन्होंने साजिश को अंजाम देने वाले गुर्गों की मदद की थी। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, मनमोहन मोहना, दीपक टीनू, संदीप केकड़ा, अंकित सिरसा, प्रियव्रत फौजी, सचिन भिवानी, केशव, कशिश के नाम चार्जशीट में हैं। इनके अलावा मनप्रीत मनु और जगरूप रूपा भी आरोपियों में शामिल हैं। उक्त मामले की जांच में शामिल पुलिस अधिकारी, पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर, हत्या के समय गायक के साथ कार में यात्रा कर रहे दो सहयोगी और मूसेवाला के परिजनों का नाम बतौर गवाह दर्ज किया गया है।

मेडिकल सैंपल, सीसीटीवी फुटेज भी रखी गई
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, हत्या की साजिश में शामिल दिल्ली व पंजाब की जेलों में बंद गुर्गे दीपक मुंडी, मनप्रीत भाऊ और अन्य आरोपियों को भी चार्जशीट में शामिल किया गया है। इसके अलावा चार्जशीट में सबूतों के तौर पर फॉरेंसिक रिपोर्ट, ऑटोप्सी रिपोर्ट, जब्त हथियार, कारतूस और वाहन, आरोपी के खून और अन्य मेडिकल सैंपल, सीसीटीवी फुटेज आदि शामिल हैं।

कब और कैसे हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या
सिद्धू मूसेवाला को इसी साल 29 मई को पंजाब के मानसा जिले में गोलियों से छलनी कर दिया गया था। शूटरों ने करीब 30 राउंड फायर किए। ऑटोप्सी रिपोर्ट से पता चला कि गोली लगने के 15 मिनट के भीतर ही मूसेवाला की मौत हो गई थी और उसके शरीर में 19 गोलियां लगी थीं। इस मामले में पहली गिरफ्तारी मानसा पुलिस ने हत्या के एक दिन बाद की थी, जब उन्होंने मनप्रीत मनु को देहरादून से उठाया था।

चचेरे भाई और एक दोस्त भी थे साथ
पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा गया था कि, वारदात को 29 मई को पंजाब के मानसा जिले में जवाहरके गांव में अंजाम दिया गया। जहां लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के गुर्गे अंकित सिरसा ने कई शूटरों के साथ आकर मूसेवाला को गोलियां मारीं। यह घटना राज्य सरकार द्वारा मूसेवाला के सिक्योरटी कवर में कटौती के एक दिन बाद की थी। जब उनके साथ जीप में उनके चचेरे भाई और एक दोस्त यात्रा कर रहे थे। हमले में वे भी घायल हो गए।












Click it and Unblock the Notifications